पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है। सरकारें लोगों से घर से बाहर निकलने के साथ चेहरे पर मास्क लगाने की अपील कर रही हैं लेकिन वायरस के बीच के रहते हुए लंबा समय गुजर जाने के बाद लोग बेपरवाह हो गए हैं। यूरोपीय व दूसरे पश्चिमी देशों में हालत बिगड़ते देख लोगों को समझाने का बीड़ा अब अभिनेता टॉम हॉलैंड ने उठाया है।
थैनॉस जैसे सुपर विलेन से टक्कर लेने के बाद बच्चों से लेकर बड़ों का पसंदीदा बना सुपरहीरो स्पाइडर मैन वैसे तो अपने चेहरे पर पहले से ही एक मास्क पहनता है। लेकिन, वह सिर्फ उसे अपनी पहचान छुपाने में मदद करता है। लोगों को प्रेरित करने के लिए उसने अपने चेहरे पर इस मास्क के ऊपर एक और मास्क पहना है जो उसे कोरोना वायरस से भी बचाएगा। फिल्मों में स्पाइडर मैन का किरदार निभाने वाले अभिनेता टॉम हॉलैंड ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की है जिसमें स्पाइडर मैन मास्क पहने नजर आ रहा है। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, 'मास्क पहनिए। मैं भी पहनता हूं।'
इसी के साथ टॉम हॉलैंड ने स्पाइडर मैन फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'स्पाइडर मैन 3' की शूटिंग भी शुरू कर दी है। टॉम के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया गया यह फोटो फिल्म के सेट से ही जारी किया गया है। निर्माताओं की तय की गई तारीख के मुताबिक यह फिल्म अगले साल दिसंबर के महीने में रिलीज होगी।
सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म में स्पाइडर मैन के साथ उसके मेंटॉर के रूप में डॉक्टर स्ट्रेंज नजर आएगा। जिसका किरदार अभिनेता बेनेडिक्ट कम्बरबैच निभाते हैं। वैसे, स्पाइडर मैन का मेंटॉर आयरन मैन है लेकिन 'एवेंजर्स- एंडगेम' में उसकी मौत हो चुकी है। इस नई फिल्म की शूटिंग के दौरान मार्वेल सिने यूनिवर्स यानी हॉलीवुड में मार्वेल कॉमिक्स पर आधारित फिल्में बनाने वाली कंपनी मार्वेल स्टूडियोज का सुपरहीरो स्पाइडर मैन भी अब अपने प्रशंसकों से मास्क लगाने की गुजारिश कर रहा है।