ब्लॉकबस्टर हॉलीवुड फिल्म वेनम के दूसरे पार्ट 'वेनम: लेट देयर बी कार्नेज' के रिलीज का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। लेकिन एक बार फिर से फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है। फिल्म को साल 2020 में ही रिलीज किया जाना था। लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसकी रिलीज को टाल दिया था। अब खबर है कि फिल्म 17 सितंबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पहले 'वेनम: लेट देयर बी कार्नेज' 2 अक्तूबर, 2020 को रिलीज होने वाली थी। इसके बाद फिल्म की नई रिलीज डेट 25 जून, 2021 कर दी गई थी। इस फिल्म का दर्शकों को काफी इंतजार है और इसमें टॉम का किरदार अपने एग्रेशन और जबरदस्त एक्शन के लिए चर्चित रहता है।
बता दें कि 'वेनम : लेट देयर बी कार्नेज' में टॉम हार्डी एक पत्रकार की भूमिका में होंगे जो एक एलियन के साथ जुड़ते हैं। फिल्म में हैरेलसन और केविन हार्ट भी लीड रोल में होंगे। वेनम प्रसिद्ध मार्वल कॉमिक किरदार पर आधारित है। 2018 में इसका पहला पार्ट आया था। वेनम के अंत में वुडी हैरेलसन दिखाए गए थे जो सीक्वल में प्रमुख विलेन होंगे। वेनम को मिली-जुली समीक्षा के बावजूद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई थी।