ब्रिटिश सीक्रेट सर्विस एजेंट जेम्स बॉन्ड की अगली सीरीज बॉन्ड 25 की शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। ब्रिटेन के पाइनवुड स्टूडियो में मंगलवार को एक विस्फोट ने अगली जेम्स बॉन्ड फिल्म के सेट को हिला कर रख दिया। इस हादसे में सेट को नुकसान हुआ और कुछ क्रू मेम्बर्स को मामूली चोट आई।
सन अखबार ने कहा कि सेट पर एक स्टंट सीन चल रहा था। इस दौरान एक छोटी सी गलती हो गई। इस गलती के कारण कुल तीन धमाके हुए। इससे फिल्म के स्टेज की छत पूरी तरह से तबाह हो गई और पूरा सेट भी करीब-करीब तबाह हो गया। जेम्स बॉन्ड के ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट से यह जानकारी शेयर की गई है।
इससे पहले ब्रिटिश सीक्रेट सर्विस एजेंट जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाने वाले एक्टर डेनियल क्रेग बॉन्ड 25 के सेट पर घायल हो गए थे। उनके टखने में चोट लग गई थी।
यह फिल्म अप्रैल 2020 में तय तारीख को ही रिलीज होगी। डेनियल क्रेग 2006 से जेम्स बॉन्ड का किरदार निभा रहे हैं और बॉन्ड सीरीज की पांच फिल्मों में ब्रिटिश जासूस बन चुके हैं। इस फिल्म में उनके साथ क्यूबन-स्पैनिश एक्ट्रेस अना दे अर्मस के अलावा रामी मलेक, दाली बेनसाला और लैशना लिंच भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
जेम्स बॉन्ड की अब तक की फिल्मों में डेनियल क्रेग के अलावा रोजर मूर, शॉन कॉनरी, प्रियस ब्रॉसनन, टिमोथी डॉल्टन और जॉर्ड लेजेनबे ने एजेंट 007 की भूमिका निभाई है।