कंट्री स्टार टेलर स्विफ्ट ने हमेशा अपने जीवन के अनुभवों को अपने गानों के बोल के माध्यम से जाहिर किया है। बात चाहे स्वीट रोमांटिक सॉन्ग्स की हो या ब्रेकअप की स्विफ्ट ने अपने एल्बम से हमेशा फैंस का दिल जीता है।
टेलर स्विफ्ट ने 30 जून को पोस्ट लिखकर इस खबर पर प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि उनके पहले छह एल्बमों के मास्टर राइट्स उनके पूर्व लेबल 'बिग मशीन लेबल ग्रुप' ने म्यूजिक मैनेजर स्कूटर ब्रौन की इथाका होल्डिंग्स एलएलसी को बेच दिए थे।
रविवार को, बिग मशीन लेबल ग्रुप ने घोषणा की कि उन्हें म्यूजिक मैनेजर स्कूटर ब्रौन और उनकी कंपनी इथाका होल्डिंग्स द्वारा अधिग्रहित किया गया था। ब्रौन वर्तमान में जस्टिन बीबर और एरियाना ग्रांडे के साथ कई अन्य मनोरंजनकर्ताओं के साथ काम करते हैं इससे पहले वह कान्ये वेस्ट के साथ काम कर चुके हैं।
स्विफ्ट इस बात से नाराज दिखीं क्योंकि उनकी पिछले छह एल्बमों की मास्टर रिकॉर्डिंग पहले बिग मशीन के स्वामित्व में थी लेकिन अब स्कूटर ब्रौन के अधीन है। टेलर ने इसे सबसे बुरा एक्सपीरियंस बताया। उन्होंने इसे चालाकी भरा काम बताया। स्विफ्ट खुद कई सालों से अपनी पुरानी मास्टर रिकॉर्डिंग खरीदने की कोशिश कर रही थी। टेलर ने लिखा- मैं उम्मीद करती हूं संगीत के सपने देखने वाले युवा कलाकार या बच्चे इसे पढ़ेंगे और इस बारे में जानेंगे कि बातचीत में खुद को बेहतर तरीके से कैसे बचाया जाए क्योंकि आप अपने द्वारा बनाई गई कला के मालिक हैं।
स्विफ्ट के इमोशनल पोस्ट के बाद हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी। बता दें स्विफ्ट ने अपने करियर की शुरुआत बिग मशीन लेबल के साथ मात्र 15 साल की उम्र में की थी और आखिर तक वहीं रहीं। सोशल मीडिया पर स्विफ्ट के पोस्ट पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली। स्विफ्ट के समर्थक, जिनमें संगीतकार हैल्सी और इग्गी अज़ालिया भी शामिल हैं ने हैशटैग #WeStandWithTaylor के तहत ट्वीट किया और अपने काम और अपनी कलात्मकता को बचाने के लिए ब्रौन के खिलाफ बोलने के लिए स्विफ्ट की सराहना की।
AWAL के अनुसार संगीतकार पहले लेबल के साथ रिकॉर्ड के सौदों पर हस्ताक्षर करते हैं जिसके तहत रिकॉर्ड करने वाली कंपनी के पास उनके गानों का अधिकार होता है। इसके अलावा किसी भी कलाकारों को दूसरे लेबल के साथ म्यूजिक रिलीज करने से मना किया जाता है।