फोर्ब्स पत्रिका ने वर्ष 2012 की सबसे अधिक कमाई करने वाली महिला संगीतज्ञ के खिताब पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स को नवाजा है। गौरतलब है ब्रिटनी स्पीयर्स ने इस वर्ष ना ही कोई नया एल्बम जारी किया और ना ही वह किसी बड़े संगीत समारोह में हिस्सा लेने गईं। बावजूद इसके, उन्होंने पिछले 12 महीनों में 5.8 करोड़ डालर की कमाई की।
30 वर्षीय पॉप स्टार ब्रिटनी को ज्यादातर मुनाफा पिछले वर्ष 'फेमे फेटल टूर' से आया। इस टूर से दुनियाभर में हुई कमाई 6.87 करोड़ डॉलर को पार कर गई। जिस तरह ब्रिटनी स्पीयर्स के गानों के लोग दीवाने हैं उसी तरह उनकी काया को भी लोग काफी पसंद करते हैं। पिछले साल लोगों को उस समय बड़ा शॉक लगा था जिस समय ब्रिटनी स्पीयर्स ने ऐलान किया था कि वो शादी करने जा रही है। ब्रिटनी ने कहा था कि वो अपने एजेंट एवं ब्वॉयफ्रेंड टैविक से शादी करने के जा रही है।
वैसे ब्रिटनी का जीवन हमेशा से चर्चाओं में ही रहा है। ब्रिटनी पहले भी दो बार शादी कर चुकी हैं। उन्होंने पहला विवाह महज 55 घंटों के लिए अपने बचपन के दोस्त जैसन अलेंक्जेंडर और दो वर्ष के लिए डांसर केविन फेडरलीन से किया था।