पूर्व पत्नी ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
बता दें कि अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम में शुक्रवार को सलमान रुश्दी पर 24 साल के एक युवक ने कई बार चाकू से हमला किया, जिसमें लेखक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हमले में उनकी हाथ की नसें फट गईं और लीवर को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पद्मा लक्ष्मी ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए लिखा- "शुक्रवार को बुरे सपने के बाद अब सलमान रुश्दी राहत महसूस कर रहे हैं, चिंतित और वर्डलेस...अब तेजी से ठीक होने की उम्मीद है"।
सलमान रुश्दी की चौथी पत्नी रही हैं पद्मा लक्ष्मी
गौरतलब है कि सलमान रुश्दी की चौथी पत्नी रहीं पद्मा लक्ष्मी, जो खुद भी एक लेखिका, अभिनेत्री और टीवी होस्ट हैं। दोनों ने साल 2004 में शादी की थी और साल 2007 में उनका तलाक हो गया था।
हमले में सलमान रुश्दी के शरीर की कई जगहों पर लगे गहरे घाव
लेखक सलमान रुश्दी पर चाकू से हमला करने वाले 24 वर्षीय संदिग्ध हादी मतार को एक अदालत में पेश किया गया जहां उसने अपना दोष स्वीकार नहीं किया। वहीं जिला अटॉर्नी जेसन श्मिट ने शनिवार दोपहर को आरोपी की पेशी के दौरान रुश्दी को लगीं चोटों का विवरण भी अदालत को प्रदान किया। जिसके मुताबिक, लेखक की गर्दन के सामने कि दाहिने हिस्से में तीन घाव, पेट में चार और दाहिनी आंख और छाती के अलावा दाहिनी जांघ का एक घाव शामिल है। श्मिट ने कहा कि रुश्दी पर हमला पूर्वनियोजित था। इस बर्बरता पूर्ण हमले की विश्व के नेताओं और साहित्यकारों ने कड़े शब्दों में निंदा की है।