अपने गानों और रैप से लाखों दिलों को जीतने वाले अमेरिकन रैपर लील वेन ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जिसे जानने के बाद उनके फैंस भी हैरान हो जाएंगे। लील वेन इन दिनों अपनी अपकमिंग एलबम 'द कार्टर वी' को लेकर काफी चर्चा में हैं। बुधवार को उन्होंने इस एलबम की रिलीज के दौरान खुलासा किया कि उन्होंने 12 साल की उम्र में आत्महत्या करने की कोशिश की थी क्योंकि उनकी मां उन्हें रैप करने को मना करती थीं।
अंग्रेजी वेबसाइट बिलबोर्ड के अनुसार लील वेन ने बताया कि एक दिन उनकी मां ने उनसे कहा कि वह उन्हें रैप करने की इजाजत नहीं देंगी। इसके बाद लील वेन को मां के घर में एक बंदूक मिली और गुस्से में उन्होंने खुद पर दाग लिया। हालांकि इस घटना में उनकी जान बच गई। लील वेन आगे बताते हैं कि घाव ठीक होने के बाद फिर उनकी मां ने उन्हें कभी नहीं रोका और रैप गाने की इजाजत भी दे डाली। आपको बता दें कि लील वेन के चाहने वाले केवल अमेरिका में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हैं। 'द कार्टर वी' उनकी 12वीं स्टूडियो एलबम है।