एक्टर-कॉमेडियन केविन हार्ट के विवादों में आने के बाद 2019 का अकादमी पुरस्कार बिना किसी मेजबान के होने वाला है। 30 साल में ऐसा पहली बार होगा जब ऑस्कर बिना किसी होस्ट के आयोजित होगा। ऑस्कर में महज एक दिन का समय है। समारोह में कुल 24 कैटेगरी में अवॉर्ड्स दिए जाएंगे।
बता दें अमेरिकी अभिनेता केविन हार्ट को 91वें अकादमी पुरस्कार समारोह की मेजबानी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन सिर्फ दो दिन बाद ही केविन ने खुद को इस जिम्मेदारी से अलग कर लिया।
दरअसल जैसे ही केविन को होस्ट की जिम्मेदारी दी गई ट्विटर पर केविन के सालों पुराने ट्वीट्स रीट्वीट किए जाने लगें। इन ट्वीट्स में केविन ने अपने समलैंगिक विरोधी विचार व्यक्त किए थे। फिर क्या था यूजर्स ने जमकर अपना गुस्सा निकाला। जल्द ही यह एक बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी बन गई। जिसके बाद केविन ने अपना नाम ऑस्कर सेरेमनी से अलग करना पड़ा।
इसकी घोषणा करते हुए हार्ट ने एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उन्होंने बताया था कि समारोह के आयोजक चाहते हैं कि वह माफी मांगे। लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया और ऑस्कर के होस्ट से अपना नाम वापस ले लिया था।
इस इवेंट के इतिहास में अब तक अश्वेत होस्ट्स की संख्या कम ही रही हैं। अगर केविन ऑस्कर होस्ट करते तो इस लिस्ट में क्रिस रॉक, व्हूपी गोल्डबर्ग और सैमी डेविस जूनियर के बाद अपनी जगह बनाते। फिलहाल ऐसा संभव नहीं हो सका।