1960 के दशक में चर्चित रहे सनकी धार्मिक नेता चार्ल्स मैनसन की 83 वर्ष की उम्र में प्राकृतिक कारणों से मौत हो गई थी। खुद को करिश्माई शख्स बताने वाले मैनसन ने अगस्त, 1969 में सिलसिलेवार हत्याएं कर नौ लोगों की जिंदगी छीन ली थी। इस लिस्ट में हॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल शेरोन टेट का भी नाम शामिल है।
मैनसन की कहानी को अभी तक मुख्य रूप से दो फिल्मों में दिखाया जा चुका है। एक है नेटफ्लिक्स की माइन्ड हंटर्स और दूसरी है क्वेंटिन टारनटिनो निर्देशित फिल्म 'वन्स अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड'। इन फिल्मों में मैनसन की कहानी के साथ ही एक और बात भी समान है और वो है इसका संगीत।
दरअसल हत्याएं करने से पहले मैनसन ने एक गायक-गीतकार के रूप में अपना करियर बनाया था। जो 60 के दशक के मानसिक-लोक धुनों को प्रस्तुत करता है। फिल्म 'वन्स अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड' के एक हिस्से में गाना 'आई विल नेवर से नेवर टू ऑलवेज' इस्तेमाल हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खुद मैनसन ने इस गाने को लिखा था। हालांकि फिल्म में इस बात को नहीं बताया गया है कि इस गाने को मैनसन ने लिखा है। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की माइन्ड हंटर्स के दूसरे सीजन के पांचवे एपिसोड में 'सीज टू एग्जिस्ट' गाने का इस्तेमाल किया गया है।