अमेरिकी मॉडल और अभिनेत्री क्रिसी टीगन (Chrissy Teigen) ने खुलासा किया है कि वह अश्वेत अमेरिकी जॉर्ज फ्लॉयड की मौत का विरोध करते हुए गिरफ्तार किए गए लोगों की जमानत राशि देने जा रही हैं।
अभिनेत्री क्रिसी टीगन ने गिरफ्तार किए गए लोगों की जमानत देने के लिए करीब 1.5 करोड़ का दान करने की घोषणा की है। अमेरिका नें इस वक्त अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद कई हिस्सों में हिंसा का माहौल है।
अमेरिका के मिनियापोलिस के अलावा फ्लोरिडा, जैक्सनविल, लॉस एंजेलिस, पीटसबर्ग, न्यूयॉर्क समेत कई जगहों पर प्रदर्शनकारी धरना दे रहे हैं। इस प्रदर्शन का बड़े स्तर पर हॉलीवुड सेलेब्स का समर्थन भी मिल रहा है। गुरुवार से लेकर अब तक 17 शहरों में 1,400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने घटना को लेकर ट्वीट कर कहा था कि जब लूट शुरू होती है, तो गोलीबारी भी शुरू होती है। ट्रंप के इस ट्वीट की चौतरफा आलोचना की जा रही है। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत समझा गया।
इस घटना के बाद एक बार फिर अमेरिका में अफ्रीका और अमेरिका के लोगों के बीच कानून की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। फ्लोएड की दर्दनाक मौत के बाद से फिर देश में नस्लीय तौर पर पुलिस की क्रूरता पर सवाल उठ रहे हैं। तमाम हॉलीवुड स्टार्स जैसे बियॉन्से, कार्डी बी, टेलर स्विफ्ट, जॉन बोयेगा, जॉन चीडो, स्टीव कोरैल, निक जोनस, प्रियंका चोपड़ा, रिहाना, बेला हदीद और जैनेल मौने जैसे सेलिब्रिटीज भी प्रोटेस्ट में शामिल हुए लोगों को मदद के लिए आगे आ चुके हैं।