डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मार्वल स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म "डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस" को सऊदी अरब और कई अन्य अरब देशों में प्रतिबंधित कर दिया गया है। 6 मई को अमेरिका में रिलीज होने वाली "डॉक्टर स्ट्रेंज" सीक्वल साऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में 5 मई को सिनेमाघरों में आने के लिए तैयार थी। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सऊदी अरब के सेंसर बोर्ड ने बेनेडिक्ट कंबरबैच के नेतृत्व वाली सुपरहीरो फिल्म को अब तक डिस्ट्रीब्यूशन सर्टिफिकेट नहीं दिया है।
इस वजह से लगा प्रतिबंध
सूत्रों द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि खाड़ी देशों ने यह निर्णय फिल्म में मौजूद समलैंगिक कैरेक्टर की वजह से लिया है। दरअसल, खाड़ी देशों में समलैंगिकता को बढ़ावा नहीं दिया जाता है, यही वजह है कि एलजीबीटीक्यू विषयों पर बनी फिल्मों को अक्सर सेंसर बोर्ड डिस्ट्रीब्यूशन सर्टिफिकेट नहीं देता है। "डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस" से पहले, मार्वल के "द इटरनल" को भी सऊदी अरब में प्रतिबंधित कर दिया गया था।
भारत में बिना कट के पास हुई फिल्म
इसी बीच चार दिन पहले सीबीएफसी ने डॉक्टर स्ट्रेंज: इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस को बिना किसी कट के सेंसर सर्टिफिकेट सौंप दिया है। फिल्म की लंबाई, जैसा कि सर्टिफिकेट पर बताया गया है, 126 मिनट यानी 2 घंटे 6 मिनट है। यह पिछले 3 वर्षों में सबसे छोटी मार्वल फिल्म है।