गायिका लेडी गागा और अभिनेता ब्रैडली कूपर 2019 के ऑस्कर समारोह में अपनी फिल्म ‘ए स्टार इज बॉर्न’ के ‘शैलो’ गाने पर प्रस्तुति देंगे। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स एंड साइंस (एएमपीएएस) ने ट्विटर पर यह जानकारी शेयर की है।
‘शैलो’ गाने को लेडी गागा, मार्क रोनसन, एंथनी रोजोमानडो और एंड्र्यू वाइट ने मिलकर लिखा है। इस गाने का चयन सर्वोत्तम गाने की श्रेणी में ऑस्कर में किया गया है। इससे पहले हुए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में भी लेडी गागा की फिल्म A Star Is Born के गाने Shallow ने ओरिजनल सॉन्ग कैटेगरी में अवॉर्ड जीता था।
2019 के एकेडमी पुरस्कार समारोह का आयोजन 24 फरवरी को किया जाएगा। इस बार ये समारोह बिना किसी मेजबान के होने जा रहा है। बता दें पहले अमेरिकी अभिनेता केविन हार्ट को 91वें अकादमी पुरस्कार समारोह की मेजबानी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन उनके एंटी-गे ट्वीट को लेकर हुए विवाद के बाद केविन ने अपना नाम ऑस्कर सेरेमनी से अलग कर लिया।