किम कर्दाशियां किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। लेकिन इस बार किम कर्दाशियां कानूनी झमेले में फंसती नजर आ रही हैं। दरअसल हाल ही में किम ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस तस्वीर में किम के साथ कान्ये वेस्ट भी नजर आ रहे हैं। वहीं इस तस्वीर को लेकर ही पूरा बवाल है।
बता दें कि हाल ही में किम ने पति कान्ये वेस्ट के साथ एक रोमांटिक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। जिसके बाद किम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफर सईद बोल्डन ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। अंग्रेजी वेबसाइट टीएमजेड के अनुसार यह कपल फोटो सईद ने खींची थी और किम ने इसे लाइसेंस नहीं कराया। जिसकी वजह से ये पूरा विवाद शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब कोई सितारा ऐसे कॉपीराइट उल्लंघन मामले में फंसा हो। इससे पहले सिंगर कैटी पेरी, आरियाना ग्रांडे, जस्टिन बीबर, गिगी हदीद और एमिली रताजक्वोस्की पर फोटोग्राफर्स बिना लाइसेंस के फोटो पोस्ट करने के आरोप लगा चुके हैं।