अमेरिकी अभिनेता और मार्शल आर्ट्स कलाकार जॉन सेक्सन (John Saxon) का निधन हो गया है। वह 83 वर्ष के थे। एक्टर की पत्नी ने एक बयान में बताया कि जॉन की 83 वर्ष की आयु में निमोनिया से हुई जटिलताओं के कारण मृत्यु हो गई।
60 वर्ष के करियर में जॉन ने 200 से अधिक फिल्मों में काम किया। सेक्सन को पश्चिमी और डरावनी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए जाना जाता है। वह इन फिल्मों में अक्सर पुलिस अधिकारी और जासूसों की भूमिका निभाते थे।उन्होंने ब्रूस ली के साथ 'एंटर द ड्रैगन' में अभिनय किया और 1984 में A Nightmare on Elm Street में शानदार अभिनय से लोगों का मनोरंजन किया।
जॉन सेक्सन का जन्म 1935 में ब्रूकलिन, न्यूयॉर्क में हुआ था। उनका असली नाम Carmine Orrico था। हाई स्कूल से स्नातक होने के बाद उन्होंने प्रसिद्ध अभिनय कोच स्टेला एडलर से अभिनय की शिक्षा ली। इसके तुरंत बाद यूनिवर्सल स्टूडियो ने उन्हें एक प्रोजेक्ट के लिए अनुबंधित किया और उनका नाम बदलकर जॉन सेक्सन कर दिया। जॉन जूडो और कराटे में भी काफी कुशल थे।
वह रॉक, प्रिटी बेबी (1956) और पोर्ट्रेट इन ब्लैक (1961), समर लव, दिस हैप्पी फीलिंग जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। The Appaloosa के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर की श्रेणी में गोल्डन ग्लोब का नामांकन प्राप्त हुआ। उन्होंने तीन शादियां की थीं।
ये भी पढ़ें-
अमेरिकी होस्ट Regis Philbin का 88 वर्ष की उम्र में निधन, डोनाल्ड ट्रंप ने बताया 'महान'