किसी आदमी को भला अपना चश्मा रखने के लिए एक अलग कमरे की क्या जरूरत है। पर एल्टन जॉन शायद ऐसा नहीं सोचते। गायक एल्टन जॉन ने ब्राजील के एक होटल में ठहरने के दौरान अपना चश्मा रखने के लिए अतिरिक्त कमरे की मांग रखी।
एक संगीत कार्यक्रम के सिलसिले में जॉन इन दिनों ब्राजील में हैं। वेबसाइट 'कांटेक्टम्यूजिक डॉट काम' के अनुसार, शनिवार को होने वाले अपने संगीत कार्यक्रम के सिलसिले में ब्राजील के बेलो होरिजोनेट स्थित पांच सितारा होटल ऑरो मिनाज में जॉन के रुकने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों से अतिरिक्त कमरे की मांग रखते हुए कमरे का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर रखने को कहा।
कार्यक्रम के एक प्रवक्ता ने अखबार 'डेली टेलीग्राफ' से इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि एल्टन जॉन ठहरने के लिए अतिरिक्त कमरे की मांग की क्योंकि उन्हें अपने सामानों को सुरक्षित रखने के लिए 16 डिग्री तापमान वाले कमरे की जरूरत थी। अब इसे प्रोफशनल जरूरत कहा जाए या फिर सितारों के नखरे।