पुलिस कस्टडी में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद अमेरिका में हर तरफ हिंसक प्रदर्शन जारी हैं। इस बीच हॉलीवुड अभिनेता जॉन क्यूसैक ने कहा है कि जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के विरोध के दौरान एक जलती हुई कार को फिल्माने की कोशिश के बाद शिकागो पुलिस ने उनके साथ बर्बरता की।
53 वर्षीय अभिनेता ने एक वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट से साझा किया है। जॉन क्यूसैक ने अपने इस ट्वीट में लिखा है कि प्रदर्शन के दौरान जलती हुई कार को फिल्माने के लिए पुलिस ने उनकी बाइक पर डंडों से हमला किया। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी उन पर चिल्ला भी रहा है। उसे अपनी बाइक निकालो कहते हुए सुना जा सकता है।
बता दें कि हिंसा के चलते वाशिंगटन समेत 40 शहरों में कर्फ्यू लागू है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना गुस्सा प्रभावित शहरों के राज्यपालों पर उतारा है। कई शहरों में हुए दंगों को देखते हुए ट्रंप ने यहां के गवर्नरों को कमजोर करार दिया है। इसके अलावा अमेरिकी शहरों में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान आग लगाए जाने और चोरी की घटनाओं पर ट्रंप ने गवर्नरों से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला?
दरअसल हाल ही में अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में एक अफ्रीकी मूल के अमेरिकी शख्स की पुलिस बर्बरता से मौत हो गई, जिसके बाद इस घटना का वीडियो सामने आया। वीडियो में एक अश्वेत को हथकड़ी लगी है और वह जमीन पर उल्टा लेटा है। एक पुलिस अफसर पांच मिनट से ज्यादा समय तक उसकी गर्दन पर अपना घुटना गढ़ाए रहता है। बाद में उस आदमी की मौत हो जाती है।