Idris Elba On James Bond: स्पाई वर्ल्ड के फैंस को जेम्स बॉन्ड की अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। इस सीरीज की अगली फिल्म में बॉन्ड का किरदार कौन निभाएगा? इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, अभिनेता इदरीस एल्बा का नाम जरूर सामने आया था। जानिए इस बारे में उन्होंने क्या कहा?
मशहूर जासूस जेम्स बॉन्ड पर बनी फिल्मों में अब तक कई अभिनेताओं ने मुख्य किरदार निभाया है। अब बॉन्ड पर बन रही अगली फिल्म में मुख्य किरदार की कास्टिंग को लेकर कई खबरें सामने आ रही हैं।
विज्ञापन
शुरुआत में खबर सामने आई कि इस फिल्म में भी जेम्स बॉन्ड का किरदार डेनियल क्रेग ही करेंगे, पर उन्होंने इससे इंकार कर दिया। फिर सुनने में आया कि 'लूथर', 'हैड ऑफ स्टेट' और 'थॉर' जैसी फिल्माें में काम कर चुके इदरीस एल्बा को बॉन्ड का रोल ऑफर हुआ है। अब इस बारे में उन्होंने बयान जारी कर सफाई दी है।
इदरीस बोले- नहीं हूं ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा
एक इवेंट के दौरान एल्बा ने भी इन अफवाहों पर विराम लगा दिया। उन्होंने पीपल्स मैगजीन से बातचीत में कहा, 'मैं ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं हूं। टीम युवा कलाकारों को खोज रहे हैं। मेरी तरफ से इस प्रोजेक्ट को ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं खुद इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'
विज्ञापन
इदरीस एल्बा
- फोटो : सोशल मीडिया
एक्टर ने कहा- यह सब सिर्फ अटकलें
इयान फ्लेमिंग के उपन्यास पर बेस्ड इस फिल्म को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पर इदरीस ने कहा, 'सच कहूं तो मैं कभी भी इस दौड़ में था ही नहीं। हम सभी अभिनेता हैं और हम समझते हैं कि यह भूमिका उन प्रतिष्ठित भूमिकाओं में से एक है, जिसे हर कोई निभाना चाहता है। यह दुनिया के सबसे परफेक्ट पुरुष का खिताब पाने जैसा है।'
आधिकारिक तौर पर शुरू हुई बॉन्ड की तलाश
बता दें कि अब तक इस फिल्म के लिए कई अभिनेताओं के नाम सामने आ चुके हैं। मगर अब रिपोर्ट्स से मुताबिक मेकर्स किसी नए अभिनेता को यह भूमिका निभाने के लिए चुनेंगे। हाल ही में इस पर मेकर्स ने बयान भी जारी किया था।
उन्होंने बताया था कि जेम्स बॉन्ड की तलाश जारी है। इससे ज्यादा जानकारी हम शेयर नहीं कर सकते हैं। मगर सही समय आने पर 007 के फैंस के साथ इसकी खबरें साझा करेगें।