हॉलीवुड अभिनेता ब्रूस विलिस के परिवार ने बुधवार को घोषणा की कि अभिनेता एक बीमारी से पीड़ित होने की वजह से अपने अभिनय करियर से दूर जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अभिनेता वाचाघात नामक बीमारी से पीड़ित हैं। इस बारे में अभिनेता के परिवार ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी करते हुए विलिस के संन्यास की घोषणा की।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, ब्रूस के अद्भुत समर्थकों के लिए, एक परिवार के रूप में हम यह साझा करना चाहते हैं कि हमारे प्यारे ब्रूस कुछ स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। हाल ही में उनके वाचाघात से पीड़ित होने की जानकारी मिली है। यह बीमारी उनके बोलने, लिखने और भाषा को समझने की क्षमता को प्रभावित कर रही है। इसके परिणाम स्वरूप और बहुत सोच- विचार कर ब्रूस ने अपने अभिनय करियर को छोड़ने का फैसला किया है।
पोस्ट में आगे लिखा कि यह हमारे परिवार के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है। हम आप सब के निरंतर प्यार और समर्थन की सराहना करते हैं। हम एक मजबूत परिवार के रूप में आगे बढ़ रहे हैं। हम जानते हैं कि ब्रूस आपके लिए कितना मायने रखते हैं, जैसा कि आप सब उनके लिए रखते हैं। जैसा कि ब्रूस हमेशा कहते हैं, जीते रहो और अब हम ऐसा ही करने की योजना बना रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक अभिनेता ब्रूस विलिस वाचाघात नामक बीमारी से पीड़ित हैं। यह मस्तिष्क का एक ऐसा विकार है, जिसमें व्यक्ति को बोलने, लिखने तथा बोली एवं लिखे हुए शब्दों को समझने में परेशानी होती है। यह एक ऐसी स्थिति है जो व्यक्ति के संचार की शक्ति छीन सकती है।