'जस्टिस लीग', 'बैटमैन VS सुपरमैन' और 'वंडर वुमन' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से लाखों-करोड़ों दर्शकों के दिलों को जीतने वाली हॉलीवुड की मशहूर अदाकारा गैल गैडोट एक बार फिर से परदे पर एकदम अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो गैल गैडोट ने हाल ही में एक उपन्यास पर आधारित फिल्म को साइन किया है। उनकी इस फिल्म का नाम 'डेथ ऑन द नीले' है। यह फिल्म बीते साल आई 'मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस' का सीक्वल है। थ्रिलर ड्रामा से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
गैल गैडोट की 'डेथ ऑन द नीले' इसके आगे की कहानी को बताएगी। इस फिल्म का निर्देशन केनेथ ब्रैनघ कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में वह मास्टर डिटेक्टिव, हक्र्युले पॉयरॉट के किरदार में भी नजर आएंगे। गौरतलब है कि अगथा क्रिस्टी का ही डिटेक्टिव उपन्यास 'डेड ऑन द नीले' वर्ष 1937 में पहली बार प्रकाशित हुआ था।
बात करें इसकी कहानी की तो फिल्म का मुख्य किरदार हक्र्युले मिस्र में एक छुट्टियां बिताने जाता है और जहां वह एक त्रिकोण प्रेम में उलझ जाता है। इस दौरान हत्याएं होती हैं। इसके बाद फिल्म कई उतार चढ़ाव से गुजरती दिखेगी। इस प्रोजेक्ट के अलावा गैल गैडोट 'वंडर वुमन 1984' की शूटिंग में भी काफी व्यस्त हैं।