पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की जीवनी पर बनी फिल्म 'लिंकन' को 'ब्रिटिश एकेडेमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) 2013' के लिए सर्वाधिक 10 श्रेणियों में नामांकन मिले हैं। फिल्म 'लेस मिजरेबल' और 'लाइफ ऑफ पाइ' नौ-नौ श्रेणियों में नामांकन पाकर दौड़ में दूसरे स्थान पर हैं। 'लिंकन' को इस साल गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स के लिए भी सबसे ज्यादा नामांकन मिले थे। फिल्मों में सर्वाधिक सम्मानीय अवार्ड ऑस्कर के लिए भी फिल्म की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है।
'लिंकन' का निर्देशन स्टीवन स्पिलबर्ग ने किया है। 'लेस मिजरेबल' के निर्देशक टॉम हूपर जबकि 'लाइफ ऑफ पाइ' के निर्देशक आंग ली हैं। 'लाइफ ऑफ पाइ' के युवा अभिनेता सूरज शर्मा राइजिंग स्टार अवार्ड के लिए नामांकित किए गए हैं। ब्रिटिश एकेडेमी फिल्म अवार्ड्स का आयोजन लंदन के ओपरा हाउस स्थित कोवेंट गार्डन में 10 फरवरी को किया जाएगा।