हॉन्ग कॉन्ग में चल रहे विरोध प्रदर्शन की छाया चीन की फिल्म इंडस्ट्री पर भी पड़ती दिखाई दे रही है। इस मामले में चीनी एक्ट्रेस भी दखल देते दिखाई पड़ रहे हैं। हाल ही में दिग्गज अमेरिकी प्रोडक्शन हाउस डिजनी की फिल्म मुलान में काम कर रही लीड एक्ट्रेस लियू याइफी ने चीनी सोशल मीडिया पर हॉन्ग कॉन्ग पुलिस को समर्थन करते हुए लोकतंत्र के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ बात कही।
दरअसल, हाल ही में एक्ट्रेस ने हॉन्ग कॉन्ग पुलिस के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी बात कही थी। एक्ट्रेस ने कहा था- 'मैं हॉन्ग कॉन्ग पुलिस का समर्थन करती हूं। आप सभी अब मुझ पर हमला कर सकते हैं। हॉन्ग कॉन्ग के लिए क्या शर्म की बात है।' एक्ट्रेस ने ये बात वीबो (चीन का सोशल मीडिया ऐप) पर कही थी।
एक्ट्रेस के इस बयान के बाद से ही ट्विटर #BoycottMulan ट्रेंड करने लगा था। कुछ वक्त के बाद ही हॉन्ग कॉन्ग और अमेरिका में भी ट्रेंड करने लगा। ट्विटर यूजर्स एक्ट्रेस को पुलिस का समर्थन करने पर भला बुरा कहने लगे। वहीं उन्हें अमरिकी नागरिक भी बताया। एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा- लियू एक अमरिकी नागरिक है। लेकिन जो लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं उनके खिलाफ जाना सही नहीं।'
वहीं चीनी इंटरनेट पर कुछ अलग ही स्टोरी देखने को मिल रही है। वहां पर एक्ट्रेसेस को लोगों का सपोर्ट मिलते दिखाई दे रहा है। गुरुवार को चीन के मीडिया हाउस ग्लोबल टाइम्स ने विरोध के खिलाफ एक लेख लिखा। इस लेख में उन लोगों को आरोपी बताया जो चीन के समर्थन कर रहे लोगों के खिलाफ साइबर वॉयलेंस की बात कर रहे।
गौरतलब है कि चीन के विरोध में और लोकतंत्र के समर्थन में लाखों लोग जिस तरह से हॉन्गकॉन्ग की सड़कों पर उतर रहे हैं, उसने बीजिंग में सत्तारूढ कम्युनिस्ट पार्टी की नींद उड़ा दी है। ऐसे में फेसबुक और ट्विटर ने कहा कि ऐसे भ्रामक और प्रदर्शन के खिलाफ गलत जानकारी देने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कर दिया गया है। फेसबुक ने कहा- '3 फेसबुक ग्रुप, 7 फेसबुक पेज और 5 अकाउंट्स को हॉन्ग कॉन्ग प्रदर्शन के खिलाफ भ्रामक जानकारी देने के कारण बंद कर दिया गया।' ट्विटर ने भी जानकारी दी है कि 936 ऐसे अकाउंट्स को बंद कर दिया गया है।
फिल्म मुलान की बात करें तो इसका निर्देशन निकी कारो ने किया है। वॉल्ट डिजनी पिक्चर्स के निर्माण में बन रही यह युद्ध पर आधारित एक मनोरंजन फिल्म बताई जा रही है जिसमे लियू याइफी के साथ डॉनी येन, गोंग ली और जेसन स्कॉट ली नजर आने वाले हैं।