हॉलीवुड सिनेमा के दिग्गज निर्माता-निर्देशक जोएल शूमाकर इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार को उन्होंने न्यूयॉर्क में आखिरी सांस ली। वह 80 साल के थे। जोएल शूमाकर ने अपने करियर की शुरुआत एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने कई शानदार फिल्मों का निर्देशन किया था। जोएल शूमाकर ने फॉलिंग डाउन, द लॉस्ट बॉयज और दो बैटमैन फिल्मों का निर्देशन कर खूब ख्याति बटोरी थी।
जोएल शूमाकर के प्रवक्ता ने बताया कि वह लंबे समय से कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से ग्रस्त थे। जोएल शूमाकर ने 80 और 90 के दशक में कई फिल्में बनाई। उनकी इन फिल्मों की समीक्षकों ने भले तारीफ न की हो लेकिन दर्शकों का खूब प्यार मिला था। जोएल शूमाकर ने बैटमैन की पहली फिल्म बैटमैन फॉरेवर बनाई जो साल 1995 में आई थी। उन्होंने इस फिल्म से काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
बैटमैन फॉरेवर में टॉमी ली जोन्स, वाल किल्मर, निकोल किडमैन और जिम कैरी जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। वहीं बैटमैन की दूसरी फिल्म बैटमैन एंड रॉबिन थी। यह फिल्म साल 1997 में आई थी। इस फिल्म में जॉर्ज क्लूनी बैटमैन बने थे। जोएल शूमाकर के निधन से हॉलीवुड में शोक का माहौल है। कई सितारे और उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही उनसे जुड़ी यादों को साझा कर रहे हैं।
पढ़ें: बेटे को हुआ कोरोना तो पिंक को आने लगे थे पैनिक अटैक, इंटरव्यू में किया खुलासा