मीडिया से बात करते हुए प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एंथनी रूसो ने कहा, 'एवेंजर्स एंडगेम 3 घंटे एक मिनट की फिल्म है। लोगों को फिल्म देखने आने से पहले कुछ खाना या पीना नहीं चाहिए ताकि ब्रेक के लिए बाहर जाते समय वो कुछ मिस ना करें। फिल्म में विलेन को जीतते देखना अच्छा नहीं लगता लेकिन कभी-कभी जिंदगी में भी बुरे लोग जीत जाते हैं। हमारी इस आखिरी फिल्म को देखने वाले दर्शकों की अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं आई हैं। जिन्हें हमने बहुत गौर से जानने की कोशिश की।'
फिल्ममेकर केविन फाइगी ने कहा, 'हमने इनफिनिटी वार और एंडगेम को एक साथ शूट किया था। इसके लिए हम पिछले दो साल से कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन लोगों को अपने आंसू पोंछने के लिए टिश्यू पेपर लेकर नहीं आना चाहिए। मार्वल स्टूडियो के साथ काम करके बहुत अच्छा लगा। हम एक परिवार की तरह हैं। हमारी अगली फिल्म टॉम होलैंड के साथ होगी।'
त्रिन त्रिश ने कहा, 'पोस्टर में महिला सुपरहीरो को देखकर काफी अच्छा लगा। हमें फिल्मों में ज्यादा से ज्यादा महिला सुपरहीरो को दिखाना चाहिए।' बता दें कि ये प्रेस कॉन्फ्रेंस दो भागों में रखी गई। पहले भाग में डायरेक्टर-प्रोड्यूसर से बात की गई। वहीं दूसरे भाग में फिल्म की कास्ट रॉबार्ट डाउनी जूनियर, ब्री लार्सन, जेरेमी रनर मौजूद थीं।
'एवेंजर्स: एंडगेम' मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 22वीं फिल्म है। जिसमें थानोस बाकी के सुपरहीरोज को चैंलेज देगा। 'एवेंजर्स: एंडगेम' में रॉबर्ट डॉनी जूनियर, क्रिस हेम्सवर्थ, क्रिस इवांस और स्कारलेट जोहान्सन जैसे कलाकार हैं। भारत में यह फिल्म 26 अप्रैल को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में रिलीज होगी।
जेरेमी रेनर ने कहा कि 'यह पहला मौका है जब मैं सियोल में हूं। मुझे यहां का खाना और जगह काफी पसंद है। एशिया में हमारा जोरदार तरीके से स्वागत किया गया है। मुझे गर्व है कि मैं इसका हिस्सा हूं।'
रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने इस मौके पर कहा कि 'जॉन फेवर और मैं 5 साल बाद यहां आए हैं। एवेंजर्स एंडगेम मैंने नहीं देखी है इस वजह से मैं यह अभी नहीं कह सकता कि फैंस को क्या सरप्राइज मिलेगा। जेरेमी के साथ काम करना शानदार रहा।'
ब्री लॉर्सन ने कहा कि 'थानोस को कैप्टन मार्वल से डरना चाहिए। कैप्टन मार्वल एक फीमेल सुपरहीरो की तलाश में है।'