मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की सबसे मच अवेटेड फिल्मों में से एक 'अवेंजर्स: डूम्सडे' रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ गई है। वजह है फिल्म के तीन टीजर ट्रेलर्स का ऑनलाइन लीक हो जाना, जिसने मार्वल स्टूडियो की पूरी मार्केटिंग रणनीति को हिला कर रख दिया है। इन लीक वीडियोज ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और फैंस के बीच कयासों का दौर तेज हो गया है।
इंटरनेट पर लीक हुए 'अवेंजर्स: डूम्सडे' के टीजर
बताया जा रहा है कि मार्वल स्टूडियो ने 'अवेंजर्स डूम्सडे' के लिए एक बेहद खास प्रमोशनल प्लान तैयार किया था। स्टूडियो का प्लान था कि फिल्म के चार अलग-अलग टीजर ट्रेलर सिनेमाघरों में एक्सक्लूसिव तौर पर दिखाए जाएं। ये ट्रेलर्स जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' के साथ अटैच किए जाने थे, ताकि बड़े पर्दे पर मार्वल का अनुभव और भी भव्य हो सके। लेकिन थिएटर में बैठे कुछ दर्शकों ने इन क्लिप्स को रिकॉर्ड कर लिया और देखते ही देखते तीन टीजर इंटरनेट पर वायरल हो गए।
यह खबर भी पढ़ें: करीना को लेकर इस वजह से सैफ को होती थी जलन, एक्टर का बड़ा खुलासा; बोले- ‘रिश्तों में भरोसा होना चाहिए’
लीक हुए टीजर ट्रेलर्स से क्या पता चला?
लीक हुए टीजर ट्रेलर्स में जो बातें सामने आई हैं, उन्होंने मार्वल फैन्स को हैरान कर दिया है। पहले टीजर में कैप्टन अमेरिका की वापसी के संकेत मिले हैं। क्लिप में क्रिस इवेन्स एक बार फिर स्टीव रॉजर्स के रूप में दिखाई देते हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार पहले से बिल्कुल अलग नजर आता है। बताया जा रहा है कि स्टीव रॉजर्स अब एक शांत और निजी जिंदगी जी रहे हैं और उन्हें एक पिता के रूप में दिखाया गया है। यह खुलासा इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि क्रिस इवेन्स कई बार साफ कर चुके हैं कि वह मार्वल यूनिवर्स में वापसी नहीं कर रहे।
दूसरे लीक टीजर में थॉर के भविष्य को लेकर बड़ा इशारा किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस क्लिप में थॉर की संभावित मौत का जिक्र है। अगर ऐसा होता है, तो यह मार्वल यूनिवर्स के सबसे ताकतवर अवेंजर्स में से एक के सफर का अंत हो सकता है। इस संकेत ने फैंस को भावुक भी कर दिया है और साथ ही कहानी के अगले मोड़ को लेकर उत्सुकता भी बढ़ा दी है।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर से जुड़ा तीसरा टीजर
तीसरा और सबसे धमाकेदार टीजर रॉबर्ट डाउनी जूनियर से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस क्लिप में उन्हें डॉक्टर डूम के रूप में पेश किया गया है। टॉनी स्टार्क के बाद रॉबर्ट डाउनी जूनियर का यह नया अवतार एमसीयू के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर माना जा रहा है। डॉक्टर डूम की एंट्री के साथ टाइमलाइन में गड़बड़ी, मल्टीवर्स का विस्तार और अवेंजर्स के सामने अब तक की सबसे खतरनाक चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है।
हालांकि मार्वल स्टूडियो ने अभी तक इन लीक ट्रेलर्स को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन स्टूडियो ने तेजी से इन वीडियोज़ को हटाने की कोशिश जरूर की है। बावजूद इसके, नुकसान हो चुका है और 'अवेंजर्स डूम्सडे' अब रिलीज से पहले ही 2025 की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।