हॉलीवुड सुपरस्टार जॉनी डेप और उनकी पूर्व पत्नी एम्बर हर्ड बीते कई समय से अपने हाई-प्रोफाइल मानहानि मुकदमे को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस मामले में चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद कोर्ट ने इस पूरे मामले पर अपना फैसला सुनाया था। मामले में कोर्ट ने जॉनी डेप के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एम्बर हर्ड को मुआवजा देने को कहा था। हालांकि, फैसले के बाद भी यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एम्बर हर्ड और जॉनी डेप के इस केस ने अब नया मोड़ ले लिया है। हाल ही में एम्बर हर्ड ने कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कोर्ट पर उनके द्वारा दिए गए सबूतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
मामले में अब एम्बर हर्ड के वकील ने कोर्ट के फैसले को खारिज करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट से मानहानि मुकदमे पर फिर से ट्रायल करने की भी अपील की है। रिपोर्ट के मुताबिक कोर्ट के फैसले पर सवाल खड़े करते हुए एम्बर की लीगल टीम ने यह दावा किया है कि इस केस में ऐसा कोई भी सबूत पेश नहीं किया गया जिसके आधार पर एम्बर हर्ड को 10 मिलियन डॉलर मुआवजा भरने को कहा जाए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जॉनी डेप की टीम ने यह साबित नहीं किया कि हर्ड की तरफ से उन पर लगाए गए आरोप गलत है। ऐसे में अब इस मामले में एक्ट्रेस ने एक बार फिर अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए इस मामले को फिर से ओपन करने की मांग की है।
गौरतलब है कि बीते कई समय से जारी इस केस पर कोर्ट ने 1 जून 2022 को फैसला सुनाया था। मामले में जॉनी डेप के पक्ष में फैसला सुनाते हुए जूरी ने एम्बर हर्ड को मानहानि का दोषी पाया था। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा था कि जॉनी डेप यह साबित करने में सक्षम है कि उन्हें बदनाम किया गया था। ऐसे में जूरी ने हर्ड को 10 मिलियन डॉलर की क्षतिपूर्ति और 5 मिलियन डॉलर की दंडात्मक हर्जाने के भुगतान का आदेश दिया था।
बता दें कि जॉनी डेप और एम्बर हर्ड के बीच कानूनी लड़ाई की शुरुआत तब शुरू हुई जब एम्बर ने 2018 में एक अखबार में लेख लिखा था। इसमें उन्होंने खुद को घरेलू हिंसा का शिकार बताया। इसके बाद जॉनी डेप ने एम्बर पर मानहानि का केस कर दिया था। तभी से दोनों अपनी निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे कर रहे हैं। जॉनी और एम्बर की शादी फरवरी 2015 में हुई थी। दो साल बाद ही दोनों का तलाक हो गया था।