इस बार का ऑस्कर अवॉर्ड शुरुआत से ही विवादों में घिरा हुआ है पहला विवाद ये कि इस बार के ऑस्कर की मेजबानी कोई नहीं कर रहा है। दरअसल केविन हार्ट को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी लेकिन उनके एंटी-गे ट्वीट को लेकर विवाद हो गया और महज दो दिन बाद ही उन्होंने अपना नाम होस्ट से वापस ले लिया।
अब ऑस्कर 2019 ने चार बड़ी कैटेगरीज के अवॉर्ड्स को ऑफ एयर देने का फैसला किया है। जिनमें सिनेमैटोग्राफी, फिल्म एडिटिंग, मेकअप और हेयरस्टाइल और लाइव-एक्शन शॉर्ट शामिल है। ऐसा इसलिए किया गया है कि शो के समय को 3 घंटे तक ही सीमित रखा जाए। ऑस्कर सेरेमनी के इस फैसले के बाद ट्विटर पर विरोध शुरू हो गया है। फैंस ट्वीट कर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
इस बार गायिका लेडी गागा और अभिनेता ब्रैडली कूपर 2019 के ऑस्कर समारोह में अपनी फिल्म ‘ए स्टार इज बॉर्न’ के ‘शैलो’ गाने पर प्रस्तुति भी देंगे। इस गाने का चयन सर्वोत्तम गाने की श्रेणी में ऑस्कर में किया गया है।
बात करें नॉमिनेशंस की तो इस बार ऑस्कर नॉमिनेशंस में दो फिल्मों का सबसे ज्यादा बोलबाला रहा है। 'Roma' और 'The Favourite' को 10-10 नॉमिनेशंस मिले। वहीं सबसे ज्यादा चर्चा में रही ब्रैडली कूपर और लेडी गागा की 'अ स्टार इज बॉर्न' को 8 नॉमिनेशंस मिले। क्रिश्चियन बेल की 'वाइस' भी 9 कैटेगरी में नॉमिनेट हुई। अब देखना ये है कि नॉमिनेशंस के बाद अवॉर्ड किसकी झोली में गिरता है।