मुंबई पहुंचे टॉम हॉलैंड
निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और टॉम हॉलैंड फिल्म 'द ओडिसी' के प्रीमियर में हिस्सा लेने के सिलसिले में आज मायानगरी मुंबई पहुंच चुके हैं। टॉम हॉलैंड ने लग्जरी गाड़ी में रॉयल अंदाज में मुंबई में एंट्री ली।
गर्मजोशी से हुआ टॉम का स्वागत
भारत पहुंचने पर टॉम हॉलैंड का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। पैपराजी के कैमरे उनकी तस्वीरें उतारने के लिए मुड़ गए। भारतीय फैंस जोर-जोर से अभिनेता का नाम पुकारने लगे। यह देखकर टॉम ने भी हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया।
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म का भारत में पहली बार प्रीमियर
मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन भी भारत यात्रा पर आए हैं। उन्होंने फिल्म 'द ओडिसी' का निर्देशन किया है। यह फिल्म 17 जुलाई 2026 को रिलीज होने जा रही है। यह पहला मौका है, जब क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म का भारत में प्रीमियर होने जा रहा है।
IMAX तकनीक से कई देशों में हुई शूटिंग
फिल्म के प्रीमियर इवेंट में नोलन के साथ उनकी प्रोड्यूसर-पत्नी एमा थॉमस भी मौजूद रहेंगी। वहीं, टॉम हॉलैंड के अलावा मैट डेमन भी शामिल होंगे। यूनिवर्सल पिक्चर्स इंटरनेशनल ने 'द ओडिसी' के ग्लोबल प्रीमियर टूर में मुंबई को एक आधिकारिक स्टॉप के तौर पर शामिल किया है, जिससे यह शहर लंदन, पेरिस और न्यूयॉर्क की कतार में आ गया है। नई विकसित IMAX टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके कई देशों में शूट की गई 'द ओडिसी' पहली ऐसी फीचर फिल्म है, जिसे पूरी तरह से IMAX कैमरों से शूट किया गया है। इसका भारतीय प्रीमियर मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम स्थित PVR ICON IMAX में होगा।