‘सनम तेरी कसम’ के बाद अब अभिनेता हर्षवर्धन राणे एक और इश्क में डूबी जुनूनी प्रेम कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। जानिए अब कैसा है ट्रेलर?
दर्शक देखेंगे प्यार के जुनून की कहानी
ट्रेलर की शुरुआत शायरी के साथ होती है। बारिश का सीन है। रुमानियत है और दो प्यार करने वाले हैं, जो एक-दूसरे के साथ बेहद खुश हैं। मगर अचानक ट्विस्ट आता है। महबूबा (सोनम बाजवा ) अचानक अपने महबूब (हर्षवर्धन) से नफरत कर बैठती है और चैलेंज देती है, 'तूने आज तक सिर्फ एक औरत की चूड़ी की खनक देखी है। अब तू एक औरत की सनक देखेगा'। बैकग्राउंड में गाना चलता है, 'दिल गलती कर बैठा है'। हर्षवर्धन अपनी मोहब्बत के लिए लड़ते नजर आते हैं। अपनी लेडी लव से कहते हैं, 'तुम सबसे कहती फिरती हो न कि मैं तुम्हारी जिंदगी का रावण हूं, तो इतिहास का मैं पहला रावण हूं जो सीता को घर छोड़कर आएगा'। ट्रेलर पर दर्शकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
गानों को किया जा रहा है पसंद
ट्रेलर से पहले फिल्म के टीजर और गानों को काफी पसंद किया जा रहा है। टाइटल ट्रैक समेत फिल्म के कुल तीन गाने अब तक रिलीज हुए हैं। तीनों ही गानों को काफी पसंद किया गया है और वो ट्रेंडिंग में बने हुए हैं। अब ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘थामा’ से होगी टक्कर
मिलाप जावेरी द्वारा निर्देशित फिल्म में हर्षवर्धन राणे के अलावा सोनम बाजवा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। 21 नवंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘थामा’ से होगी। ‘थामा’ मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है और दर्शक बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में ‘एक दीवाने की दीवानियत’ के लिए बॉक्स ऑफिस पर एक कड़ी चुनौती रहेगी।