कैसे बने 'हैरी पॉटर'?
डैनियल ने एक्टिंग करियर की शुरुआत सिर्फ 10 साल की उम्र में बीबीसी की टीवी सीरीज 'डेविड कॉपरफील्ड' से की थी। 2000 में निर्माता डेविड हेमैन ने उन्हें 'हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर’स स्टोन' के लिए चुना। जे.के. रोलिंग और निर्देशक क्रिस कोलंबस को भी डेनियल काफी पंसद आए थे। निर्माता डेविड हेमैन की रेडक्लिफ से पहली मुलाकात तब हुई जब वो अपने पिता के साथ एक थिएटर में थे। हेमैन रेडक्लिफ के पिता के ही दोस्त थे।
बस इसी मुलाकात के दौरान उन्होंने रेडक्लिफ को हैरी पॉटर की भूमिका के लिए ऑडिशन देने के लिए कहा। आठ फिल्मों की हैरी पॉटर सीरीज ने उन्हें वर्ल्ड फेमस बना दिया। आलोचकों और दर्शकों दोनों ने उनके अभिनय को खूब सराहा। एक समय था जब रेडक्लिफ को लगा कि लोग उन्हें इस किरदार से अलग नहीं देख पाएंगे, लेकिन उन्होंने यह चुनौती भी स्वीकार की।
'हैरी पॉटर' से जुड़ा किस्सा
बहुत कम लोग जानते हैं कि शुरुआत में उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि वो 'हैरी पॉटर' में कास्ट हों। इसके पीछे का कारण था फिल्म की शूटिंग की लोकेशन। शुरुआत में हैरी पॉटर के लॉस एंजेलिस में शूटिंग के चलते उनके माता-पिता झिझक रहे थे, लेकिन बाद में जब शूटिंग यूके में तय हुई, तब डेनियल को फिल्म में साइन किया गया।
हैरी पॉटर के बाद का करियर
'हैरी पॉटर' के बाद डेनियल ने खुद को बाल कलाकार की इमेज से बाहर निकाला। उन्हें खुद को सीरियस अभिनेता साबित करना था। ऐसे में उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स में काम किया। उन्होंने ‘द वुमन इन ब्लैक’, ‘स्विस आर्मी मैन’, ‘किल योर डार्लिंग्स’ जैसी ऑफबीट और चुनौतीपूर्ण फिल्मों में काम किया। इसके अलावा थिएटर में उन्होंने 'इक्वस’ और हाल ही में टोनी अवॉर्ड जीत चुके ‘मेरिली वी रोल अलॉन्ग’ जैसे नाटकों में अभिनय कर आलोचकों की खूब वाहवाही लूटी। उनकी ब्रॉडवे मौजूदगी अब उन्हें सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि मंच का भी दमदार कलाकार बना चुकी है।
डेनियल की नेटवर्थ
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो डेनियल रेडक्लिफ ने हैरी पॉटर सीरीज से करीब 75 मिलियन पाउंड यानी लगभग 800 करोड़ रुपये कमाए। साल 2025 तक उनकी कुल संपत्ति 110–115 मिलियन डॉलर यानी करीब 920 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने लंदन और न्यूयॉर्क में कई संपत्तियों में निवेश कर रखा है और 'संडे टाइम्स रिच लिस्ट' और 'फॉर्ब्स' की टॉप लिस्ट में कई बार जगह बना चुके हैं।