साउथ के मास निर्देशक गोपीचंद मालिनेनी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एसडीजीएम' का क्रेज दर्शकों पर जबर्दस्त तरीके से छाया हुआ है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों को इससे जुड़ी छोटी सी छोटी जानकारी का इंतजार है। फिल्म में बॉलीवुड साउथ सुपरस्टार सनी देओल एक बार फिर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है, जिसकी जानकारी निर्माताओं ने हाल ही में पोस्ट साझा करते हुए दी थी। हालांकि, फिल्म को लेकर कई तरह की अफवाहें भी सोशल मीडिया पर फैल रही हैं, जिसे लेकर निर्देशक गोपीचंद ने लताड़ भी लगाई है।
'क्रैक' का रीमेक है यह फिल्म?
निर्देशक गोपीचंद मालिनेनी अपने करियर में लगातार दो हिट फिल्में देकर सफलता का आनंद ले रहे हैं। अब उन्हें हिंदी फिल्मों के स्टार अभिनेता सनी देओल को एक बड़े प्रोजेक्ट में निर्देशित करने का सुनहरा मौका मिला है। जब से फिल्म फ्लोर पर आई है, तब से यह खबर चल रही है कि यह फिल्म गोपीचंद की हिट फिल्म 'क्रैक' की रीमेक है, जिसमें रवि तेजा मुख्य भूमिका में थे।
रवि तेजा की फिल्म अब सनी देओल के साथ शुरू?
हालांकि, अब गोपीचंद ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ी और इन अफवाहों का खंडन किया है। हाल में दिए साक्षात्कार में गोपीचंद ने पुष्टि की है कि सनी देओल के साथ उनकी फिल्म रीमेक नहीं है और यह एक नई कहानी है, जिसे उन्होंने सनी देओल को ध्यान में रखते हुए लिखा है। कुछ समय पहले यह भी खबर आई थी कि चूंकि गोपीचंद की रवि तेजा के साथ फिल्म बंद हो गई थी, इसलिए उन्होंने वही कहानी सनी देओल को सुनाई और हिंदी स्टार के साथ वही फिल्म बना रहे हैं।
जल्द होगा फिल्म के कलाकारों का खुलासा
हालांकि, गोपीचंद ने इस खबर की भी निंदा की है और कहा है कि फिल्म के बारे में सभी अफवाहें झूठी हैं और बहुत जल्द ही फिल्म के मूल कथानक और कलाकारों का खुलासा कर दिया जाएगा। 'एसडीजीएम' में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर सैयामी खेर और रेजिना कैसेंड्रा को चुना गया है। टॉलीवुड के प्रमुख प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स और पीपल मीडिया फैक्ट्री इस फिल्म का निर्माण बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। थमन एस फिल्म के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं। ऋषि पंजाबी सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं और नवीन नूली संपादन का काम देख रहे हैं। साथ ही अविनाश कोल्ला प्रोडक्शन डिजाइनिंग कर रहे हैं।