गूगल इंडिया ने अपने ईयर इन सर्च 2025 की सूची जारी कर दी है, जिसमें सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले अभिनेता से लेकर फिल्म तक, हर किसी का नाम सामने आया है। इस लिस्ट में मनोरंजन जगत की दो बड़ी हस्तियों धर्मेंद्र और शेफाली जरीवाला का नाम भी शामिल हैं जिन्हें उनके निधन के बाद सबसे ज्यादा बार सर्च किया गया। चलिए आपको बताते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन शामिल हैं।
धर्मेंद्र हुए सबसे ज्यादा बार सर्च
24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र के निधन ने भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम अध्याय को विराम दे दिया। छह दशक से अधिक लंबे करियर के साथ, वो वह नाम बने जिन्हें हर उम्र का दर्शक एक अलग जुड़ाव के साथ याद करता है। उनके जाने के बाद गूगल पर ट्रिब्यूट, इंटरव्यू, पुरानी झलकियों और अनसुनी कहानियों की सर्च में लाखों लोगों ने उन्हें बार-बार याद किया। यह सिर्फ एक अभिनेता के निधन का शोक नहीं था, बल्कि एक युग के अंत का एहसास भी था।
शेफाली को भी लोगों ने किया सर्च
उधर, 27 जून को शेफाली जरीवाला के अचानक हुए निधन ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। 'कांटा लगा' से रातोंरात मिली लोकप्रियता, रियलिटी टीवी में नई पहचान और फिर अचानक यह दुखद खबर-लोगों ने पुराने वीडियो, इंटरव्यू और उनके करियर को याद करते हुए गूगल पर उनकी जिंदगी से जुड़े सवालों की एक लंबी सीरीज दर्ज कर दी।
यह खबर भी पढ़ें: Tere Ishk Mein: 100 करोड़ के और करीब पहुंची धनुष-कृति की 'तेरे इश्क में', जानें फिल्म का सातवें दिन का कलेक्शन
सैफ अली खान ने हासिल किया शीर्ष स्थान
अभिनेताओं की श्रेणी में सैफ अली खान 2025 के सबसे अधिक सर्च किए गए अभिनेता बने। डिजिटल स्पेस में उनकी बढ़ती लोकप्रियता, नई फिल्मों की घोषणाएं और चर्चित इंटरव्यू ने उन्हें सालभर चर्चा का केंद्र बनाए रखा। इस सूची में नए चेहरे भी शामिल हुए। अहान पांडे और अनीत पड्डा, जिन्होंने अपनी पहली फिल्म 'सैयारा' से दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी, 2025 के सबसे सर्च किए गए उभरते सितारों की श्रेणी में शीर्ष पर रहे।
'सैयारा' बनी साल की सबसे ट्रेंडिंग फिल्म
गूगल की मूवी ट्रेंडिंग लिस्ट में मोहित सूरी निर्देशित ;सैयारा' ने पहला स्थान हासिल किया। यह फिल्म न सिर्फ अपनी कहानी के लिए, बल्कि इसके टाइटल ट्रैक के चलते भी सोशल मीडिया पर छाई रही। बिना किसी बड़े स्टार कास्ट के भी इस फिल्म ने यह साबित किया कि फ्रेश कंटेंट और नए चेहरों की लोकप्रियता भी दर्शकों को उतनी ही ताकत से बांध सकती है। इसके अलावा इस लिस्ट में क्षेत्रीय सिनेमा की फिल्मों ने भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1, कुली (तमिल), मार्को (मलयालम) और गेम चेंजर (तेलुगु) जैसी फिल्मों ने दिखाया कि 2025 भारतीय सिनेमा के विविध रंगों से भरा वर्ष रहा। दिलचस्प बात यह रही कि महाअवतार नरसिंहा इस साल की एकमात्र एनिमेशन फिल्म थी जिसने टॉप 10 में जगह बनाई।