कहां-कहां रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म 'गोंधल' हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और अंग्रेज्री भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। यह एक ऐतिहासिक कदम है, क्योंकि पहली बार किसी मराठी फिल्म को वैश्विक स्तर पर सात भाषाओं में दोबारा रिलीज किया जा रहा है। फिल्म भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, दुबई और अफ्रीका सहित कई क्षेत्रों में रिलीज होगी।
कैसा है फिल्म का ट्रेलर?
सामने आए ट्रेलर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। इसमें विजुअल्स हैं। सांस्कृतिक माहौल है। सस्पेंस की परते हैं और साथ ही रोमांच है। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत की पृष्ठभूमि पर आधारित 'गोंधल' सुमन और आनंद राव नाम के नवविवाहित जोड़े की कहानी है। इनकी जिंदगी में एक परेशान कर देने वाला मोड़ आता है। ख्वाहिशें, कर्तव्य और आस्था आपस में टकराने लगते हैं। एक दुल्हन की चाहत, पति की जिम्मेदारियां और रहस्यमयी घटनाओं की एक सीरीज धीरे-धीरे इस जोड़े को ऐसे जाल में उलझा देती है, जहां दिखाई देने वाली हर चीज सच नहीं होती। वहीं, सच्चाई अपनी जगह कायम रहती है।
क्या बोले संतोष दावखर?
महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरित इस फिल्म में संतोष दावखर ने क्षेत्रीय लोक परंपराओं को दिखाया है। यह कहानी दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े करती हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए, लेखक-निर्देशक संतोष दावखर कहते हैं, 'भारतीय सिनेमा को लेकर वैश्विक धारणा अक्सर गरीबी और जातिगत संघर्षों की कहानियों से बनती हैं। ये भारत की पूरी अभिव्यक्ति नहीं हैं। 'गोंधल' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही संस्कृति, लोगों और परंपराओं का संगम है।
दुनिया को इस परंपरा से परिचित कराना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है'। बता दें कि गोंधल, महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित सदियों पुरानी आधी रात की लोक-परंपरा और अनुष्ठान है।