जनरल हॉस्पिटल फेम जॉनी वेक्टर की अमेरिका के लॉस एंजिल्स में डकैती के प्रयास के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शनिवार, 25 मई को अभिनेता को चोरों ने गोली मार दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरी के प्रयास में उन्हें गोली मारी गई थी।
मामले में किसी की नहीं हुई गिरफ्तारी
अभिनेता की मां ने बताया कि शनिवार को सुबह 3 बजे जॉनी वेक्टर पर हमला किया गया, जब चोरों ने उनकी कार से कैटेलिटिक कनवर्टर चुराने की कोशिश की। उनकी मां ने बताया कि अभिनेता ने चोरों से लड़ने का प्रयास नहीं किया, लेकिन उन लोगों ने भागने से पहले जॉनी को गोली मार दी थी। इसके बाद अभिनेता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
डेविड शॉल ने की मौत की पुष्टि
जॉनी के एजेंट डेविड शॉल ने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की है। डेविड ने कहा, 'न केवल एक प्रतिभाशाली अभिनेता जो अपने काम के लिए प्रतिबद्ध थे, बल्कि उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए एक वास्तविक नैतिक उदाहरण था। कड़ी मेहनत, दृढ़ता और कभी हार न मानने वाले रवैये के साथ खड़े थे। एक चुनौतीपूर्ण पेशे के उतार-चढ़ाव में उन्होंने हमेशा अपना साहस बनाए रखा और वह सर्वश्रेष्ठ बनने का प्रयास किया।'
सोफिया मैटसन ने दी श्रद्धांजलि
अभिनेता को 'जनरल हॉस्पिटल' में ब्रैंडो कॉर्बिन के किरदार के लिए जाना जाता था। 200 से ज्यादा एपिसोड में नजर आने वाले जॉनी सीरीज में ड्रग एडिक्ट साशा कॉर्बिन के पति की भूमिका निभाते हुए नजर आए थे। साल 2022 में उनके किरदार को खत्म कर दिया गया। उनकी मौत की खबर सुर्खियों में आने के बाद उनकी को-स्टार सोफिया मैटसन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
Sikandar: क्या 'कटप्पा' से भिड़ने वाले हैं सलमान? 'सिकंदर' पर आई ये बड़ी अपडेट