फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिग बॉस 20: मनोज तिवारी से केआरके तक, जब घर में भिड़ गए कंटेस्टेंट्स, इन 6 झगड़ों ने मचाया था सबसे ज्यादा बवाल

Sun, 06 Sep 2026 01:23 PM IST
संदेश मेहरा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Controversies of Bigg Boss: शो 'बिग बॉस' के इतिहास में कई बार ऐसी लड़ाइयां हुईं हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान रह गया है। आइए जानते हैं 'बिग बॉस' के अब तक के सीजनों के कुछ सबसे बड़े और यादगार विवाद। 
 
विज्ञापन
बिग बॉस की सबसे चर्चित लड़ाइयां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

'बिग बॉस 20' आज शाम से शुरू होने वाला है। सलमान खान एक बार फिर शो को होस्ट करते नजर आएंगे। शो की पहचान सिर्फ टास्क, दोस्ती और प्यार से नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाले विवादों से भी रही है। पिछले 19 सीजन में कई ऐसे मौके आए, जब घर के अंदर हुआ झगड़ा पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया।
विज्ञापन

डॉली बिंद्रा और मनोज तिवारी की लड़ाई - फोटो : सोशल मीडिया
डॉली बिंद्रा और मनोज तिवारी
बिग बॉस के सीजन 4 में डॉली बिंद्रा और मनोज तिवारी के बीच हुआ झगड़ा काफी चर्चा में रहा था। उस समय डॉली बिंद्रा हफ्ते के लिए किचन कैप्टन थीं। उन्होंने घरवालों से कहा था कि पिछली रात का बचा हुआ खाना खत्म कर लें, ताकि खाना बर्बाद न हो।

इसी दौरान मनोज तिवारी आए और उन्होंने नाश्ते के लिए ताजे अंडे बनाने की इच्छा जताई। डॉली ने उनके लिए ताजे अंडे बनाने से साफ मना कर दिया।

इस बात पर मनोज तिवारी अपना आपा खो बैठे और बोले, 'किचन किसी के बाप का नहीं है।' मनोज की इस बात से डॉली काफी भड़क गईं। वह गुस्से में उनके सामने आ गईं और बोलीं, 'बाप पर मत जाना।' इसके बाद उन्होंने गुस्से में यह भी कहा, 'फाड़कर रख दूंगी।' दोनों के बीच यह बहस बिग बॉस के सबसे यादगार झगड़ों में शामिल हो गई।

केआरके की बिग बॉस में लड़ाई - फोटो : सोशल मीडिया
कमाल आर खान ने मचाया बवाल
सीजन 3 में कमाल आर खान यानी KRK का विवाद काफी चर्चा में रहा। घर में एक बहस के दौरान उन्होंने बोतल फेंकी, जो रोहित वर्मा को लगी और बाद में शमिता शेट्टी भी इसकी चपेट में आ गईं। इसके बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया।

पूजा मिश्रा और शोनाली नागरानी - फोटो : सोशल मीडिया
पूजा मिश्रा और शोनाली नागरानी
सीजन 5 में पूजा मिश्रा और शोनाली नागरानी के बीच हुआ झगड़ा भी काफी मशहूर हुआ था। खास बात यह थी कि इस पूरे विवाद की शुरुआत एक छोटी सी बात को लेकर हुई थी।

दरअसल, शोनाली और मंदीप ने पूजा से कहा कि किचन का फर्श साफ करने के बाद वह वाइपर अपनी जगह रख दें। यह बात पूजा को पसंद नहीं आई और वह गुस्सा हो गईं। गुस्से में पूजा ने वाइपर तोड़ दिया और डस्टबिन को लात मार दी। इसके बाद उन्होंने वाइपर शोनाली की तरफ कर दिया।

शोनाली ने उनसे पूछा, 'क्या तुम मुझे मारने वाली हो?' इस पर पूजा ने जवाब दिया, 'क्या तुम चाहती हो? क्या तुम इसके लिए पूछ रही हो, तुम इसके लिए मर रही हो। मेरे रास्ते से हट जाओ।'  

सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज - फोटो : सोशल मीडिया
सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज
बिग बॉस के सबसे चर्चित सीजनों में से एक सीजन 13 में सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज की दोस्ती धीरे-धीरे दुश्मनी में बदल गई थी। दोनों के बीच कई बार जोरदार बहस देखने को मिली। एक मौके पर आसिम ने सिद्धार्थ पर चीटिंग करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि मामला धक्का-मुक्की और तीखी जुबानी जंग तक पहुंच गया।

सिद्धार्थ ने आसिम को धक्का दिया, जिसके बाद आसिम ने भी उन्हें जवाब दिया और दोनों के बीच बहस और ज्यादा बढ़ गई। सिद्धार्थ ने गुस्से में कहा, 'मुझे धक्का मत दो।' इस पर आसिम ने जवाब दिया, 'शुरुआत तुमने की थी।' दोनों की यह लड़ाई पूरे सीजन के सबसे चर्चित विवादों में से एक बन गई।

करिश्मा तन्ना और गौतम गुलाटी - फोटो : सोशल मीडिया
करिश्मा तन्ना और गौतम गुलाटी
सीजन 8 में करिश्मा तन्ना और गौतम गुलाटी के बीच हुआ विवाद भी लोगों को लंबे समय तक याद रहा। यह झगड़ा एक हाईजैक टास्क के दौरान हुआ था। इस टास्क में एक टीम के सदस्य को कुर्सी पर बैठे रहना था, जबकि दूसरी टीम को अलग-अलग तरीके अपनाकर उसे वहां से उठाने की कोशिश करनी थी।

टास्क के दौरान करिश्मा और उनकी टीम ने गौतम को उठाने के लिए कई तरीके आजमाए। इसी दौरान करिश्मा ने गौतम के चेहरे और शरीर पर मिर्च पाउडर का पेस्ट लगा दिया। मिर्च लगने के बाद गौतम दर्द से परेशान हो गए। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा, 'बिग बॉस, मुझे हर्ट हो रहा है बिग बॉस।' इसके बाद गौतम ने करिश्मा पर जमकर गुस्सा निकाला और दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया।

विशाल आदित्य सिंह और मधुरिमा तुली - फोटो : सोशल मीडिया
विशाल आदित्य सिंह और मधुरिमा तुली
सीजन 13 में एक्स कपल विशाल आदित्य सिंह और मधुरिमा तुली के बीच हुआ झगड़ा बिग बॉस के सबसे हिंसक विवादों में गिना जाता है। दोनों के बीच पहले से ही तनाव था, लेकिन एक बहस के दौरान मामला अचानक काफी बढ़ गया।

बहस के दौरान मधुरिमा ने गुस्से में विशाल को 'बहनजी' कहकर चिढ़ाना शुरू कर दिया। उन्हें रोकने के लिए विशाल ने उन पर पानी फेंक दिया। लेकिन इसके बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया। किचन में गुस्से में मधुरिमा ने फ्राइंग पैन से विशाल को मार दिया। इस घटना के बाद बिग बॉस के घर में काफी हंगामा हुआ और मधुरिमा को शो से बाहर कर दिया गया।
विज्ञापन

बिग बॉस 20 - फोटो : सोशल मीडिया
कब से शुरू होगा बिग बॉस?
  • सलमान खान 'बिग बॉस' के 20वें सीजन के होस्ट के तौर पर वापसी कर रहे हैं।
  • इस हिंदी रियलिटी शो का प्रीमियर आज होगा।
  • शो रात 9 बजे जियो हॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे कलर्स पर देखा जा सकता है। 
  • इसमें माही विज, अर्शिफा खान, ईशा रिखी, रिया अहीर, काजी तौकीर और कनिका मान नजर आ सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें