मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जाने-माने फिल्ममेकर मनीष गुप्ता पर उनके ड्राइवर पर रसोई के चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। ये घटना मुंबई के वर्सोवा इलाके में गुरुवार रात को घटी, जहां गुप्ता के घर पर उनका तीन साल से काम कर रहा ड्राइवर राजिबुल इस्लाम लश्कर घायल हो गया।
ड्राइवर और मनीष में छिड़ी थी बहस
पीटीआई की खबर के मुताबिक, ड्राइवर और मनीष गुप्ता के बीच वेतन को लेकर बहस छिड़ी थी, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। इसी दौरान गुप्ता ने रसोई में रखा चाकू उठाकर ड्राइवर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वर्सोवा पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मनीष गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें:
Video Viral: 89 में भी फिट हैं बॉलीवुड के ही मैन, राजपाल यादव ने छुए धर्मेंद्र के पैर, लिया आशीर्वाद
ड्राइवर के वकील ने की गिरफ्तारी की मांग
ड्राइवर राजिबुल इस्लाम के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने पुलिस से मनीष गुप्ता की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘हम न्याय की उम्मीद कर रहे हैं और चाहते हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि कानून का डर बना रहे।’
बता दें फिल्ममेकर मनीष गुप्ता 'रहस्य' और 'द स्टोनमैन मर्डर्स' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन पर इस तरह का आरोप लगना फिल्म इंडस्ट्री में भी चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा मनीष इस मामले पर क्या कहते हैं।
ड्राइवर को अस्पताल कराया गया भर्ती
घटना के बाद पीड़ित ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से वो सदमे में है। पीड़ित का कहना है कि उसे तीन महीने से वेतन नहीं मिला था और जब उसने इसका जिक्र किया तो गुप्ता भड़क गए और हमला कर दिया। फिलहाल मनीष गुप्ता इस मामले पर चुप हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।