शाम कौशल ने विक्की को दी जोरदार झप्पी
शाम कौशल ने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक तस्वीर साझा की है। इसमें वे और विक्की कौशल सोफे पर बैठे दिख रहे हैं। साथ में कैप्शन लिखा है, 'जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई, बेटा। भगवान का आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ रहे। ढेर सारा प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं। तुम्हारे जैसा बेटा पाना मेरे लिए किस्मत की बात है। मैं बेहद खुश और धन्य महसूस कर रहा हूं। रब की मेहर तुम पर बनी रहे। जोरदार जादू की झप्पी'।
फैंस ने दी शुभकामनाएं
शाम कौशल के पोस्ट पर नेटिजंस और विक्की कौशल ने भी कमेंट्स की झड़ी लगा दी है। सभी विक्की कौशल को भर-भरकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'अप्रत्यक्ष रूप से तीन पीढ़ियां एक फ्रेम में दिख रही हैं। बेबी विहान की झलक भी आपमें नजर आ रही है'। बता दें कि विहान, विक्की-कैटरीना के बेटे का नाम है। वहीं, कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'हमारे पसंदीदा सितारे को जन्मदिन मुबारक हो'।
एक्शन डायरेक्टर हैं शाम कौशल
बता दें कि विक्की जहां अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं, वहीं उनके पिता शाम कौशल फिल्मों के एक्शन निर्देशक हैं। पहले उन्होंने स्टंटमैन के रूप में काम किया। 1990 से उन्होंने एक्शन निर्देशक के रूप में काम करना शुरू किया। उन्होंने बॉलीवुड और हॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में योगदान दिया है। एक एक्शन निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म इंद्रजालम (1990) थी, जो एक मलयालम फिल्म थी। इसके अलावा बॉलीवुड में, शाम कौशल ने गैंग्स ऑफ वासेपुर (2012), भाग मिल्खा भाग (2013), पीके (2014), पद्मावत (2018), संजू (2018), टाइगर जिंदा है (2017) और सिम्बा (2018) जैसी फिल्मों में एक्शन निर्देशक के रूप में काम किया है।