दुनियाभर में छाया वायरल 'किस कैम' मूमेंट
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 'पेज सिक्स की एक रिपोर्ट के अनुसार एस्ट्रोनॉमर कंपनी के पूर्व सीईओ एंडी बायरन, क्रिस मार्टिन के कोल्डप्ले पर मानहानि का मुकदमा कर सकते हैं। दरअसल, कोल्डप्ले के हालिया कॉन्सर्ट से वायरल 'किस कैम' मूमेंट दुनियाभर में सुर्खियों में छाया रहा। इससे पूर्व सीईओ और एचआर प्रमुख का निजी जीवन भी सवालों के घेरे में आ गया।
वकील ने कही ये बात
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के कुछ दिनों बाद बायरन ने अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। अब पेज सिक्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, बायरन इस वीडियो पर हुए विवाद के चलते कोल्डप्ले पर मुकदमा कर सकते हैं। वकील कैमरन डोलात्शाही ने आउटलेट से बात करते हुए कहा, 'अगर हम क्रिएटिव हो जाएं तो एक संभावित दावा मानहानि का हो सकता है। खासकर जब यह क्रिस मार्टिन द्वारा दोनों के बीच 'अफेयर' होने का आरोप लगाने से संबंधित हो'।
एक्स सीईओ को साबित करनी होंगी ये बातें
बता दें कि कॉन्सर्ट के दौरान जब कैमरे ने बायरन और एचआर हेड को कैद किया और दोनों बचते नजर आए तो क्रिस मार्टिन ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा, 'या तो उनका अफेयर चल रहा है या फिर वे बहुत शर्मीले हैं'। वकील ने आगे बताया कि बायरन को यह साबित करना होगा कि क्रिस मार्टिन की टिप्पणी से मानहानि हुई और 'अफेयर' के दावों का खंडन करना होगा, जो उनके अनुसार सच नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि बायरन को यह साबित करना होगा कि क्रिस मार्टिन को उनकी बेगुनाही के बारे में पता था और उन्होंने 'दुर्भावना' से यह बयान दिया था।