पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उनके निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। देश की तमाम बड़ी हस्तियों ने उनके निधन पर दुख जताया है। बॉलीवुड के दिग्गज सितारों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। आइए जानते हैं किन बॉलीवुड सितारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
संबंधित वीडियो
माधुरी दीक्षित ने जताया शोक
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। अभिनेत्री ने पोस्ट कर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सनी देओल ने व्यक्त की संवेदना
अभिनेता सनी देओल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने मनमोहन सिंह को एक दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया। अभिनेता ने लिखा, "मैं डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुखी हूं। वह एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत के आर्थिक उदारीकरण को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्र के विकास में उनकी बुद्धिमत्ता, ईमानदारी और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मेरी हार्दिक संवेदना।"
कपिल शर्मा ने जताया दुख
कपिल शर्मा ने एक्स पर मनमोहन सिंह के साथ अपनी एक मुलाकात की पुरानी तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने एक नोट लिखा। उन्होंने लिखा, "भारत ने आज अपने सबसे बेहतरीन नेताओं में से एक को खो दिया है। भारत के आर्थिक सुधारों के निर्माता और ईमानदारी और विनम्रता के प्रतीक डॉ. मनमोहन सिंह अपने पीछे प्रगति और उम्मीद की विरासत छोड़ गए हैं। उनकी बुद्धिमत्ता, समर्पण और दूरदर्शिता ने हमारे देश को बदल दिया। आपके योगदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा।"
संजय मिश्रा ने लिखा- आप जैसा कोई नहीं
अभिनेता संजय मिश्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आप अपने थे, आप अलग थे।”
मनोज मुंतशिर ने जताया दुख
गीतकार और पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक जताया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए उनके किए गए कार्यों को याद किया।
सुजैन बर्नर्ट ने व्यक्त किया शोक
डॉ. मनमोहन सिंह की बायोपिक में सोनिया गांधी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सुजैन बर्नर्ट ने अपने एक्स अकाउंट पर पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा, ‘भारत के लिए बड़ा नुकसान।’