दिलजीत दोसांझ ने क्या कहा?
दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे कहते नजर आ रहे हैं, 'पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाईयां कैसे लड़ी जाती हैं'। दिलजीत ने अपने 'मैं एक कलाकार हूं ब्रो' वाले बयान पर भी चुप्पी तोड़ी। दिलजीत ने किसी का नाम नहीं लिया, मगर इसे दिपके द्वारा की गई दिलजीत की आलोचना से जोड़कर देखा जा रहा है। पंजाबी सिंगर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अभिजीत दिपके-दिलजीत दोसांझ
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या है मामला? समझिए
नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर सीजेपी ने प्रदर्शन किया था। उसी दौरान एक फैन ने विरोध-प्रदर्शनों पर दिलजीत की राय पूछी थी। उस दौरान सिंगर ने कहा था, 'मैं सिर्फ एक कलाकार हूं भाई। मुझे इससे दूर रखो'। इसके बाद अभिजीत दिपके ने दिलजीत की आलोचना की थी। दिपके ने सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान मंच से कहा था, 'आना पड़ता है ब्रो... नहीं तो आपकी फिल्में बैन हो जाती हैं'। उन्होंने दिलजीत की फिल्म 'सतलुज' विवाद से जोड़कर यह कटाक्ष किया था। इसी पर अब दिलजीत ने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट में प्रतिक्रिया दी है।
दिलजीत बोले- 'चुप हूं चुप ही रहने दो'
दिलजीत दोसांझ ने सीजेपी या दिपके किसी का भी नाम नहीं लिया है। मगर, वे कहते दिखे हैं, 'मैं कलाकार हूं। आप सभी से प्यार करता हूं। मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सब का सपोर्ट करता हूं, लेकिन पंजाबियों को यह मत सिखाओ कि कैसे लड़ा जाता है'। दिलजीत के इस जवाब के बाद अभिजीत दिपके ने भी रिएक्शन दिया है।
दिपके ने क्या कहा?
अभिजीत दिपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। वे दिलजीत की तारीफ करते नजर आए हैं। साथ ही बताया कि वे खुद उनके फैन हैं और उनके कॉन्सर्ट में उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। दिपके ने लिखा है, 'आपने अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है। आपकी हिम्मत और ईमानदारी का मैं हमेशा से फैन रहा हूं। मुझे लगता है कि आपका कमेंट मुझे ज्यादा बुरा लगा, क्योंकि मैंने हमेशा ही आपका बहुत सम्मान किया है। लेकिन एक मतभेद आपके प्रति मेरे सम्मान और प्यार को कम नहीं कर देती। पा जी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ'।