मेजर मोहित शर्मा के परिवार वालों का इल्जाम
दरअसल मेजर मोहित शर्मा के परिवार वालों ने याचिका में इल्जाम लगाया था कि फिल्म 'धुरंधर' इंडियन आर्मी या मेजर शर्मा के कानूनी वारिसों से इजाजत लिए बिना बनाई गई। फिल्म अशोक चक्र और मेडल विजेता मोहित शर्मा की जिंदगी, सीक्रेट ऑपरेशन और शहादत से सीधे जुड़ी हुई लगती है।
निर्देशक आदित्य धर का स्पष्टीकरण
इस मामले पर निर्देशक आदित्य धर पहले ही स्पष्टीकरण दे चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में रिप्लाई करते हुए कहा 'हमारी फिल्म धुरंधर बहादुर मेजर शर्मा AC(P)SM की जिंदगी पर आधारित नहीं है। यह एक आधिकारिक स्पष्टीकरण है। अगर हम भविष्य में उन पर कोई बायोपिक बनाएंगे, तो परिवार की पूरी सहमति और सलाह के साथ, और उनके बलिदान और विरासत का पूरा सम्मान करते हुए बनाएंगे।'
सीबीएफसी की चली कैंची
सीबीएफसी की वेबसाइट के अनुसार, ‘धुरंधर’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है और इसकी लंबाई 214.1 मिनट (3 घंटे, 34 मिनट, 1 सेकंड) है। वहीं सीबीएफसी ने फिल्म में कुछ कट और बदलाव भी किए हैं। सीबीएफसी ने मेकर्स से डिस्क्लेमर में हिंदी वॉइसओवर जोड़ने को कहा। साथ ही कुछ सीन में नशा-विरोधी और धूम्रपान विरोधी चेतावनियां भी देने को कहा। शुरुआत के कई हिंसक सीन को हटाकर बदलाव किया गया। जबकि दूसरे भाग में हिंसक दृश्यों को कम करके एक अपशब्द को म्यूट कर दिया गया। इसके अलावा एक मंत्री के किरदार का नाम बदल दिया गया।
'धुरंधर' के बारे में
फिल्म 'धुरंधर' जिसमें अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन भी हैं, 5 दिसंबर, 2025 को रिलीज होगी। यह स्पाई थ्रिलर फिल्म है।