फिल्मी प्रशंसकों पर इस समय रणवीर सिंह स्टारर स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ का नशा छाया हुआ है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। दर्शकों से लेकर सेलेब्स तक फिल्म की कहानी और कास्टिंग की तारीफ कर रहे हैं। फिल्म में कई बड़े स्टार्स के बीच अभिनेता राकेश बेदी के अभिनय की काफी प्रशंसा हो रही है। इस बीच राकेश बेदी को एयरपोर्ट पर ‘धुरंधर’ का एक फैन मिल गया। जानिए इसके बाद प्रशंसक और राकेश बेदी के बीच हुई क्या बातचीत।
राकेश बेदी की एक्टिंग का कायल हुआ फैन
अभिनेता राकेश बेदी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में राकेश बेदी ने बताया कि वो एयरपोर्ट पर हैं और यहां उन्हें ‘धुरंधर’ का एक प्रशंसक मिला। वीडियो में राकेश बेदी बताते हैं कि मैं दिल्ली से मुंबई जा रहा हूं और अभी एयरपोर्ट पर हूं। इस दौरान मुझे एक शख्स मिले हैं, जिन्होंने धुरंधर देखी है। इसके बाद फैन वीडियो में कहता है कि मैंने फर्स्ट डे फर्स्ट शो ‘धुरंधर’ देखी। हम लोग तीन महीने से इंतजार कर रहे थे कि जल्दी 5 दिसंबर आए और हम आईमैक्स में ‘धुरंधर’ देखें। इसके बाद पांच लोगों के हमारे पूरे ग्रुप ने फिल्म देखी। हम सभी आपके और आदित्य धर के बहुत बड़े फैन हैं। इसके बाद प्रशंसक राकेश बेदी के किरदार जमील जमाली के बारे में बात करते हुए एक्टर की जमकर तारीफ करता है। प्रशंसक ने कहा कि जमील जमाली के किरदार में आपने जो काम किया वो काबिल-ए-तारीफ है। अब पार्ट 2 का बेसब्री से इंतजर हो रहा है। इस पर राकेश बेदी ने बताया कि पार्ट 2 में उनका किरदार और भी खतरनाक होने वाला है।
‘धुरंधर’ पर बन रहे मीम
इसी दौरान फैन ने बताया कि फिल्म के आने के बाद से हम लोग सिर्फ ‘धुरंधर’ के डायलॉग और सीन के मीम बना रहे हैं। इसमें भी सबसे ज्यादा मीम जमील जमाली के किरदार और एक्सप्रेशन के बन रहे हैं। इसके बाद प्रशंसक ने राकेश बेदी को कुछ मीम्स भी दिखाए।
बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही ‘धुरंधर’
‘धुरंधर’ की बात करें तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। सिर्फ छह दिनों में ही फिल्म 179 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर चुकी है। जिस तरह से फिल्म आगे बढ़ रही है, उम्मीद है कि जल्द ही वो 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार कर जाएगी। फिल्म में सबसे ज्यादा तारीफ अक्षय खन्ना और राकेश बेदी के अभिनय की ही हो रही है।