पिछले कुछ वक्त से यूट्यूबर ध्रुव राठी लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। पहले ‘धुरंधर’ की आलोचना करने पर और अब ‘फेक ब्यूटी’ पर बनाए गए अपने नए वीडियो को लेकर ध्रुव चर्चाओं में हैं। अपने इस वीडियो के थंबनेल में ध्रुव राठी ने अभिनेत्री जान्हवी कपूर की फोटो लगाई है और लिखा ‘फेक ब्यूटी’। ध्रुव राठी का ये वीडियो उस वक्त में सामने आया जब जान्हवी ने बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या किए जाने पर विरोध जताते हुए एक पोस्ट किया। तभी ध्रुव के इस वीडियो के सामने आने पर सोशल मीडिया पर यूजर्स ध्रुव को ट्रोल करने लगे। क्योंकि नेटिजेंस को लगा कि ध्रुव ने दीपू चंद्र दास की हत्या पर पोस्ट करने पर जान्हवी के लिए ये वीडियो बनाया है। ट्रोलिंग बढ़ने पर अब ध्रुव राठी ने अपना एक स्पष्टीकरण जारी किया है और ट्रोलर्स को कड़ा जवाब दिया है। जानिए ध्रुव राठी ने अपने इस वीडियो में क्या कुछ कहा…
ध्रुव राठी ने जारी किया स्पष्टीकरण
बीते 25 दिसंबर को जान्हवी कपूर ने बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की क्रूर लिंचिंग के खिलाफ आवाज उठाते हुए एक पोस्ट की। अपनी इस इंस्टाग्राम स्टोरी में जान्हवी ने हत्या पर आक्रोश जताते हुए लोगों से एकजुट होने की अपील की। जान्हवी की इस पोस्ट के बाद उसी दिन ध्रुव राठी ने ‘फेक ब्यूटी’ वाला एक वीडियो साझा किया। इसके थंबनेल में जाह्नवी कपूर की पहले और बाद की तस्वीर दिखाई गई थी। बस फिर क्या था इतना देखते ही ध्रुव राठी नेटिजेंस के निशाने पर आ गए और लोगों ने ध्रुव राठी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। अब ट्रोलिंग बढ़ने पर ध्रुव राठी ने एक स्पष्टीकरण जारी किया है और ट्रोलर्स को कड़ी भाषा में जवाब दिया है। अपने स्पष्टीकरण में ध्रुव ने ट्रोलर्स को लेकर कहा, ‘तुम्हें भगवान ने दिमाग दिया है, तो इस्तेमाल क्यों नहीं करते इसका? एक ही दिन में वीडियो शूट और एडिट करना नामुमकिन है।’
मैंने जान्हवी या किसी के फैसलों पर सवाल नहीं उठाया
अपनी बात को जारी रखते हुए ध्रुव ने आगे कहा कि दूसरी बात ये कि मैंने खुद बांग्लादेशी हिंदुओं के ऊपर रील बनाई, तो मैं उस चीज को लेकर क्यों आलोचना करूंगा? मैं तुम लोगों की तरह नहीं हूं कि किसी की अप्रत्यक्ष रूप से आलोचना करता हूं। मुझे जो बोलना होता है मुंह पर बोलता हूं। न मैं तुम्हारे पापा से डरता हूं और न ही मैं किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी से डरता हूं। मेरा वीडियो पूरी तरह से प्लास्टिक सर्जरी और समाज पर इसके प्रभाव पर केंद्रित है। मैंने जाह्नवी या किसी अन्य सेलिब्रिटी के फैसलों पर कभी सवाल नहीं उठाया। जाह्नवी की तस्वीर का इस्तेमाल मैंने इसलिए किया क्योंकि वह उन कुछ सेलिब्रिटीज में से हैं, जिन्होंने खुलकर स्वीकार किया है कि उन्होंने सर्जरी करवाई है।
अब तक सामने नहीं आई जान्हवी की प्रतिक्रिया
ध्रुव राठी के इस स्पष्टीकरण के बाद संभव है कि ट्रोलर्स को उनका जवाब मिल गया होगा। वैसे तमाम ट्रोलिंग के बावजूद इस पूरे मामले पर जान्हवी कपूर की कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है।