बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और निर्माता-निर्देशक धीरज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। निमोनिया से जूझने के बाद मंगलवार को उनका निधन मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुआ। बुधवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार मुंबई में विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान परिजनों और करीबियों का रो-रोकर बुरा हाल था। अभिनेता रजा मुराद भी इस दौरान काफी भावुक नजर आए। उनके अंतिम दर्शन के लिए कई सितारे पहुंचे।
धीरज कुमार का हुआ अंतिम संस्कार
धीरज कुमार के पार्थिव शरीर को फूलों से सजी एंबुलेंस में लाया गया। एंबुलेंस के सामने उनकी बड़ी तस्वीर लगाई गई थी, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो उठा। अंतिम दर्शन के लिए परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र मौजूद रहे। परिवारजनों ने भी नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दे रहे थे, वहीं उनकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
धीरज कुमार के निधन से शोक की लहर
धीरज कुमार के अंतिम दर्शन करने के लिए शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के डायरेक्टर असित मोदी भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'टीवी इंडस्ट्री के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।' उनके अलावा दीपक पराशर, सुरेंद्र पाल जैसे कलाकारों ने भी उनके अंतिम दर्शन किए।
इसके अलावा दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने भी दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा, 'धीरज जी ने बहुत शोहरत कमाई लेकिन उसके साथ-साथ उन्होंने बहुत इज्जत भी कमाई। वो जो कमिट करते थे वो जरूर करते थे।'
टीवी एक्टर तरुण खन्ना ने भी धीरज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'कोई भी उनकी जगह को भर नहीं सकता। इंडस्ट्री को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचा है। धीरज जी बहुत दूर की सोच रखते थे।'
धीरज कुमार
- फोटो : एक्स
इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान
धीरज कुमार ने हिंदी सिनेमा और टेलीविजन दोनों में अपनी खास जगह बनाई थी। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी अपना अहम योगदान दिया। उन्होंने न सिर्फ फिल्मों में अपनी पहचान बनाई, बल्कि टीवी सीरियल्स के माध्यम से भी घर-घर में लोकप्रियता हासिल की। साल 1981 की सुपरहिट फिल्म 'क्रांति' में उनकी भूमिका आज भी दर्शकों के दिलों में ताजा है। इसके अलावा, उन्होंने ‘ओम नमः शिवाय’, ‘श्री गणेश’ जैसे धार्मिक शोज को बनाकर भारतीय टेलीविजन को नई दिशा दी।
बीमारी ने छीन लिया जीवन
धीरज कुमार को एक्यूट निमोनिया हो गया था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार की ओर से पहले जानकारी दी गई थी कि उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।