अभिनेता धनुष निर्देशित फिल्म ‘इडली कढ़ाई’ कुछ दिनों पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जहां फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। अब सिनेमाघरों के बाद फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। अगर सिनेमाघरों में फिल्म देखने से चूक गए, तो अब आप ओटीटी पर फिल्म को देख सकते हैं।
29 अक्तूबर से स्ट्रीम करेगी फिल्म
धनुष और नित्या मेनन स्टारर ‘इडली कढ़ाई’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। इसकी जानकारी नेटफ्लिक्स की ओर से फिल्म का एक प्रोमो शेयर करके दी गई। इसके साथ ही कैप्शन में लिखा गया, ‘इडली कढ़ाई के साथ एक धमाकेदार नाश्ते के लिए तैयार हो जाइए। ‘इडली कढ़ाई’ 29 अक्तूबर से नेटफ्लिक्स पर तमिल, हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी।’
यह खबर भी पढ़ेंः ‘33 साल में कुछ नहीं बदला…’, जन्मदिन से पहले किंग खान का फैंस को तोहफा; शुरू होगा शाहरुख का फिल्म फेस्टिवल
यह है फिल्म की कहानी
धनुष द्वारा ही निर्मित, निर्देशित और अभिनीत ‘इडली कढ़ाई’ में नित्या मेनन, अरुण विजय और शालिनी पांडे भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसके पिता पारंपरिक इडली का ठेला लगाते हैं। फिल्म में धनुष मुरुगन की भूमिका में हैं, जो अपने पिता की इडली कढ़ाई (झोपड़ी) से दूर, जो स्थानीय लोगों को बहुत पसंद है, अपना खुद का व्यवसाय शुरू करता है। बात बिगड़ती है और जब उसके पिता के व्यवसाय को खतरा होता है, तो मुरुगन के पास लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता। यह फिल्म 1 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।