दिलजीत दोसांझ अपने अपकमिंग 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर चर्चा में हैं। वह इस टूर की शुरुआत दिल्ली से करने वाले थे। मगर इस टूर को झटका लगा है। 30 अक्तूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी है।
क्यों नहीं मिली कॉन्सर्ट को अनुमति?
दक्षिण जिले के डीसीपी कार्यालय की तरफ से बुकमायशो को भेजे गए एक पत्र के अनुसार, दिलजीत के 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली के आयोजन के अनुरोध की समीक्षा की गई, मगर इसे मंजूरी नहीं दी जा सकी। पत्र में खतरे से जुड़ी कुछ खास जानकारियों का जिक्र किया गया है। इसके अलावा, त्योहारों के इस मौसम में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों के साथ-साथ दूसरी चिंताओं का भी उल्लेख किया गया है।
यह फैसला उन प्रशंसकों के लिए एक बड़ा झटका है, जो इस लाइव कॉन्सर्ट में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। कार्यक्रम और टिकट के बारे में अभी और जानकारी आना बाकी है।