पीलिंग्स (पुष्पा 2)
‘पुष्पा 2’ ने इस समय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। फिल्म जल्द ही 1200 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लेगी। फिल्म के गाने भी काफी वायरल हुए और पसंद किए गए। हालांकि, इस फिल्म के गीत ‘पीलिंग्स’ को डांस स्टेप्स के चलते आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने इसे अनुचित ठहराया। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने भी इस बात को स्वीकार किया था कि शूटिंग के दौरान वह भी असहज हो गई थीं।
बेशर्म रंग (पठान)
शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ भी विवादों में घिरी रही। फिल्म के पहले गाने 'बेशर्म रंग' के रिलीज के तुरंत बाद से ही इसका विरोध शुरु होने लगा था। गाने में दीपिका पादुकोण भगवा रंग की बिकनी पहने हुए नजर आई थीं, जिसके कारण आरोप लगाया गया था कि उन्होंने हिंदुओं की आस्था को चोट पहुंचाया है।
घूमर (पद्मावत)
दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पद्मावत’ और उसके गाने ‘घूमर’ को लेकर भी खूब कंट्रोवर्सी हुई। इस गीत को लेकर कर्णी सेना ने आरोप लगाया कि 'रानी पद्मावती' एक राजपूती रानी थी, जो हमेशा परदे में रहती थीं और वह राजस्थान में पूजनीय हैं। इस गीत में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने ऐसा लहंगा पहना है, जिसमें अंग प्रदर्शित हो रहे हैं। हालांकि, बाद में निर्माताओं ने वीएफएक्स की मदद से इसे छिपा दिया था।
राधा (स्टूडेंट ऑफ द ईयर)
स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का गीत ‘राधा’ भी विवादों में रहा। इस गीत को भी काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इस गीत में हिन्दुओं की आराध्य देवी 'राधा' के नाम के साथ आपत्तिजनक शब्द जोड़ने का खूब विरोध हुआ था। इस मामले में धर्मा प्रोडक्शन, करण जौहर और गौरी खान के खिलाफ कानूनी आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
मुन्नी बदनाम (दबंग)
सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ का गीत ‘मुन्नी बदनाम’ काफी मशहूर हुआ। इस गीत पर लोग जमकर थिरके। हालांकि, गाने में 'झंडू बाम' शब्द के उपयोग करने के लिए यह विवादों में घिर गई। इमामी कंपनी ने इस मामले में उनके प्रोडक्ट के नाम के यूज के लिए, अरबाज खान प्रोडक्शन को लीगल नोटिस भेज दिया था।