हाल ही में कोलकाता के हेरिटेज बिनोदिनी थिएटर में श्री रामकृष्ण परमहंस के एक पोस्टर का अनावरण किया गया। यह पोस्टर फिल्म ‘बिनोदिनी’ से जुड़ा है। इस फिल्म में रामकृष्ण परमहंस का किरदार चंदन रॉय सान्याल निभाएंगे।
नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर राम कमल मुखर्जी डायरेक्टेड फिल्म ‘बिनोदिनी’ का पहला पोस्टर बिनोदिनी थिएटर में एक्टर्स, क्रू मेंबर्स की मौजूदगी में रिलीज हुआ। पोस्टर में एक्टर चंदन रॉय सान्याल, श्री रामकृष्ण परमहंस के रूप में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म को प्रमोद फिल्म्स, देव एंटरटेनमेंट वेंचर्स मिलकर बना रहे हैं।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म ‘बिनोदिनी’ नॉर्थ कोलकाता के रेड लाइट डिस्ट्रिक्ट की एक लड़की की इंस्पेरिशन स्टोरी है। वह एक थिएटर आर्टिस्ट बनने का सपना देखती है। तमाम दिक्कतों के बावजूद, उसने बिनोदिनी के तौर पर पहचान पा ली। बाद में यही नाम बंगाली थिएटर में सबसे बड़ा नाम बना। लेकिन इस लड़की की अतीत की छाया, उसकी सफलता को कम करने की कोशिश करती रहती थी।
कमल मुखर्जी का उम्दा निर्देशन
फिल्म ‘बिनोदिनी’ में निर्देशक राम कमल मुखर्जी ने बिनोदिनी की कहानी को जीवंत कर दिया है। यह फिल्म 19वीं सदी के बंगाल की थिएटर संस्कृति के जरिए काफी कुछ कहती है। देव एंटरटेनमेंट वेंचर्स ने कहानी कहने का जिम्मा उठाया। थिएटर की दिग्गज बिनोदिनी दासी के जीवन पर फिल्म बनाना एक बड़ा काम है। देव एंटरटेनमेंट वेंचर्स के देव कहते हैं, ‘ इतनी बढ़िया टीम के साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव था। हमने दिल से फिल्म बनाई है और अब इस महीने के आखिर में इसकी रिलीज का इंतजार है।’
महिलाओं के साहस को नमन
निर्देशक राम कमल मुखर्जी फिल्म ‘बिनोदिनी’ के बारे में कहते हैं, ‘यह फिल्म उन महिलाओं के साहस को एक नमन है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए कई चुनौतियों का सामना करती हैं। रामकृष्ण परमहंस के रूप में चंदन रॉय सान्याल का इस फिल्म का हिस्सा बनना, कहानी को और भी गहरा कर देता है। इस प्रोजेक्ट पर पहली बार रुक्मिणी के साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात थी।’
रामकृष्ण की भूमिका निभाना एक उपहार
एक्टर चंदन रॉय सान्याल भी श्री रामकृष्ण परमहंस का किरदार निभाकर काफी खुश हैं। वह कहते हैं, ‘मेरे लिए सबसे बड़ा चैलेंज रहा श्री रामकृष्ण की भूमिका निभाना। लेकिन मुझे लगता है कि यह किरदार मेरे लिए ईश्वर की तरफ से एक उपहार है। ईश्वर ने मुझे यह रोल निभाने के लिए चुना और उन्होंने इसका पूरा ध्यान रखा।’
फिल्म की नामी स्टार कास्ट
फिल्म ‘बिनोदिनी’ में राहुल बोस, कौशिक गांगुली, मीर, चंद्रेय घोष और ओम साहनी जैसे कई उम्दा कलाकार हैं। प्रियंका पोद्दार ने फिल्म की कहानी, डायलॉग लिखे हैं। अभ्रा चक्रवर्ती ने रिसर्च वर्क किया है। सौमिक हलधर डीओपी हैं और सौरेंद्रो सोम्योजित ने संगीत तैयार किया है। तन्मय चक्रवर्ती ने आर्ट डायरेक्शन किया है। फिल्म के एडिटर प्रनोयो दासगुप्ता हैं।