मैरी कॉम
- फोटो : अमर उजाला
मैरी कॉम ने इस बातचीत में ‘बिग बॉस’ के झगड़ों, अपनी जिंदगी और उन सच पर खुलकर बात की, जिन्हें दुनिया अब तक नहीं जानती।
‘बिग बॉस बहुत बड़ा मंच है’
इस शो का हिस्सा बनने के लिए मैरी कॉम काफी उत्साहित थीं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह बहुत बड़ा शो है। भारत में यह एक बड़ा टीवी मंच है। मैं लंबे समय से इसे देखती आ रही हूं। घर में लोग लड़ते हैं, गलतफहमियां होती हैं, लेकिन लोग साथ में मजा भी करते हैं।
यह सब मैंने बाहर से देखा है। जब मुझे खुद इस शो का हिस्सा बनने का मौका मिला तो मैंने सोचा कि अब सिर्फ टीवी पर देखने से क्या होगा, खुद अंदर जाकर देखती हूं कि आखिर बिग बॉस के घर में होता क्या है।’
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
‘घर में अनुशासन भी लेकर जा रही हूं’
बिग बॉस के घर में मैरी सिर्फ खिलाड़ी बनकर नहीं जा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं चाहती हूं कि लोग मुझे सिर्फ एक बॉक्सर के तौर पर न देखें। बिग बॉस के घर में मेरी पर्सनैलिटी के अलग-अलग पहलू देखने को मिलेंगे। मैं एक मां भी हूं। एक महिला भी हूं। एक खिलाड़ी भी हूं। मैं अपने साथ अनुशासन भी लेकर जा रही हूं। मैं चाहूंगी कि घर में सब मिलकर काम करें। हर चीज अनुशासन के साथ हो।’
मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
‘पीठ पीछे क्या चल रहा है, पता ही नहीं चलता’
रिंग में मुकाबला करने की आदी मैरी को आमने-सामने की लड़ाई ज्यादा साफ लगती है। बिग बॉस में होने वाली पीठ पीछे की बातें उन्हें किस हद तक परेशान कर सकती हैं, इस पर उन्होंने अपनी बात बेबाकी से रखी। मैरी ने कहा, ‘रिंग में लड़ाई हमेशा सामने होती है। सामने वाला दिखाई देता है। वार कहां से आ रहा है, पता होता है। मुकाबला खत्म होते ही यह भी साफ हो जाता है कि कौन जीता और कौन हारा। मैंने अपनी जिंदगी में भी बहुत कुछ झेला है। इसलिए मेरा मानना है कि जो कहना है, सामने आकर कहो। मुकाबला करना है तो सामने करो। वहीं खत्म करो। लेकिन पीठ पीछे क्या चल रहा है, यह पता ही नहीं चलता। कोई अफवाह है। कोई बात सच है या गलत, कुछ समझ नहीं आता। मुझे ऐसी चीजें पसंद नहीं हैं। अब बिग बॉस में क्या होगा, यह तो वहां जाकर ही पता चलेगा।’
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
‘कामयाबी सबने देखी, मेरा दर्द सिर्फ मैं जानती हूं’
बात अपनी जिंदगी पर आई तो मैरी ने कहा कि दुनिया ने उनकी जीत और कामयाबी देखी, लेकिन उस सफर का दर्द सिर्फ वही जानती हैं। मैरी ने कहा, ‘लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया। बहुत सम्मान दिया। लेकिन मेरी जिंदगी में असल में क्या हुआ, मेरी कहानी में क्या-क्या गुजरा, यह कोई नहीं जानता। लोगों ने सिर्फ वही देखा, जो बाहर से दिखाई दिया। मेरे अंदर क्या चला, मैंने क्या झेला, कितना दर्द सहा, यह सिर्फ मैं जानती हूं। उस दर्द को कोई और नहीं समझ सकता। यही तो जिंदगी है।’
प्रियंका चोपड़ा के साथ मैरी कॉम और फिल्म 'मैरी कॉम' में प्रियंका
- फोटो : सोशल मीडिया
‘राज सामने आएगा या नहीं, मुझे नहीं पता’
मैरी कॉम की जिंदगी पर फिल्म बन चुकी है। ऐसे में सवाल था कि क्या बिग बॉस में फिल्म से अलग कोई राज सामने आएगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘राज सामने आ भी सकता है और नहीं भी। यह तो मुझे बिल्कुल पता नहीं। जो भी सामने आएगा, मैं उसका सामना करूंगी।’
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम और सलमान खान
- फोटो : सोशल मीडिया
‘सलमान भाई तैयार हैं तो मैं भी तैयार हूं’
'वीकेंड का वार' में अगर होस्ट सलमान खान से किसी बात पर मैरी की असहमति हुई तो क्या करेंगी? ऐसा पूछा जाने पर मैरी कहती हैं, ‘अगर सलमान भाई तैयार हुए तो मैं भी मुकाबले के लिए तैयार हूं। अगर उनसे किसी बात पर असहमति हुई और बात मुकाबले तक पहुंची, तो मैं पीछे नहीं हटूंगी। मुकाबला होगा तो सामने से होगा। आखिर रिंग में भी तो यही सीखा है कि चुनौती सामने हो तो उसका सामना करना है।’
बिग बॉस 20 में बच्चों के साथ मैरी कॉम
- फोटो : वीडियो ग्रैब
‘बच्चे खुश हैं, अब मुझे एक नए अंदाज में देखेंगे’
मैरी के ‘बिग बॉस’ में जाने पर उनके घर वालों का रिएक्शन कैस रहा? यह पूछने पर बॉक्सर कहती हैं, ‘बच्चे बहुत खुश हैं और उत्साहित हैं। उन्होंने मुझे इतने वर्षाें तक टेलीविजन पर देखा है। मेरी जीत देखी है। उस वक्त उनकी खुशी भी मेरे लिए बहुत खास थी। अब उन्हें नहीं पता कि बिग बॉस के घर में क्या होगा? मैं क्या करूंगी? कैसी रहूंगी? लेकिन उनके लिए सबसे बड़ी बात यही है कि वे अपनी मां को फिर टेलीविजन पर देखेंगे। इसलिए वे इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं।’
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
‘तलाक के सवाल पर साधी चुप्पी’
दिसंबर 2023 में मैरी कॉम और उनके पति करुंग ओनलर का तलाक हो गया था। इसके बाद मैरी कॉम की निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा हुई। उन्हें ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। बातचीत के अंत में जब उनसे पूछा गया कि बिग बॉस के घर में उनकी निजी जिंदगी का यह अध्याय फिर चर्चा में आया तो वह क्या करेंगे? इस सवाल पर मैरी ने जवाब देने से इनकार कर दिया।