शो शुरू होने से पहले अमर उजाला से खास बातचीत में अभिनेता ने माना कि दबाव वाली परिस्थितियों में वह कभी जरूरत से ज्यादा सोचने लगते हैं। तो कभी मानसिक रूप से खुद को खोया हुआ पाते हैं। पढ़ें बातचीत के प्रमुख अंश…
करण वाही, अभिनेता
- फोटो : सोशल मीडिया
दबाव खोलता है इंसान की असली परतें
करण का मानना है कि रियलिटी शो अक्सर इंसान की छिपी हुई कमजोरियां सामने ले आते हैं, लेकिन ये शो बाकी शोज से काफी अलग है। उन्होंने कहा, 'यह ऐसा शो है, जहां असली बात यह होती है कि आप दबाव वाली स्थिति में कैसा रिएक्शन देते हैं। ऐसी सिचुएशन हमें रोजमर्रा की जिंदगी में नहीं मिलतीं, इसलिए इसे देखना भी लोगों के लिए ज्यादा दिलचस्प होता है।’
स्टंट देखकर शुरू होगा डर
साउथ अफ्रीका रवाना होने से पहले क्या चीज उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर रही है? इस सवाल पर करण ने कहा, ‘सच कहूं तो इस बार मुझे बिल्कुल तनाव नहीं है। मुझे लगता है कि तनाव तब शुरू होगा, जब मैं स्टंट देखूंगा। क्योंकि मैं यह शो पहले भी कर चुका हूं, इसलिए मुझे उस घबराहट और उस नई तरह की बेचैनी का अंदाजा है, जिससे हम सभी गुजरते हैं।’
करण वाही, अभिनेता
- फोटो : सोशल मीडिया
एक टीवी एडिट पूरी सोच बदल सकता है
रियलिटी शो में एक एडिट कई बार लोगों की सोच बदल देता है। क्या यह डर उन्हें कैमरे पर पूरी तरह खुद बनने से रोकता है? इस सवाल पर करण ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘टीवी एडिट जाहिर तौर पर पूरी कहानी और लोगों की सोच बदल सकता है। लेकिन यह शो बहुत अलग है। यहां बात इस पर होती है कि आपने स्टंट किया या नहीं किया और उसे कैसे किया? लोगों के लिए कहना आसान होता है कि आप वह स्टंट नहीं कर पाए। लेकिन सच्चाई यह है कि ये स्टंट बहुत मुश्किल और बिल्कुल अलग तरह के होते हैं।’
करण वाही, अभिनेता
- फोटो : सोशल मीडिया
दबाव पड़ते ही ओवरथिंक करने लगता हूं
बातचीत के दौरान, करण ने अपने उस पक्ष का भी जिक्र किया, जो शायद ऑडियंस को ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में पहली बार देखने को मिले। दबाव में असली करण कौन होता है? इस सवाल पर करण ने कहा, ‘दबाव में मैं बहुत ओवरथिंक करता हूं। कभी-कभी इतना ज्यादा कि खुद ही अपने दिमाग में फंस जाता हूं। फिर अचानक बेवजह मजाक करने लगता हूं… और कई बार ऐसा भी होता है कि मैं मानसिक रूप से कुछ देर के लिए पूरी तरह गायब हो जाता हूं।’
करण वाही, अभिनेता
- फोटो : सोशल मीडिया
रोहित सर के साथ बहुत मजा आता है
होस्ट रोहित शेट्टी को लेकर करण ने कहा, ‘रोहित सर लोगों को बहुत जल्दी समझ लेते हैं। मैं उनके साथ दो बार काम कर चुका हूं और हमारे बीच बहुत अच्छा रिश्ता है। उनका हमारे साथ होना मजेदार भी होता है, क्योंकि वह हमारे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं।’
करण ने आगे कहा, ‘लेकिन हां, आप रोहित सर को गलत तरीके से लेना नहीं चाहेंगे। मुझे लगता है कि पिछले कई साल से कंटेस्टेंट्स ने यह महसूस भी किया होगा। यह सिर्फ एक इंसान का शो नहीं है। इसमें सभी कंटेस्टेंट्स, रोहित सर और पूरी टीम शामिल होती है। कैमरे के पीछे बहुत कुछ चलता है। आखिर में वे हमसे सिर्फ यही उम्मीद करते हैं कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ दें।’