फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंटरव्यू: भाई-बहनों के साथ धमाल मचाती थीं डेजी शाह, बोलीं-  गुजराती नववर्ष की सबसे बड़ी खुशी परिवार का साथ

सार

  • अभिनेत्री डेजी शाह ने दिवाली के दौरान बचपन की यादें साझा कीं। 
  • अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह किस तरह दिवाली का त्योहार मनाती हैं। 
  • वहीं उन्होंने गुजरात नव वर्ष को लेकर भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। 
विज्ञापन
डेजी शाह इंटरव्यू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

त्योहारों का असली मजा अपनों के साथ ही आता है। खासकर तब, जब परिवार के वे सदस्य भी एक जगह जुटें, जिनसे रोज मिलना संभव नहीं होता। गुजराती परिवारों में दिवाली के अगले दिन नए साल यानी 'बेस्टु वरस' का स्वागत भी इसी उत्साह के साथ किया जाता है। अभिनेत्री डेजी शाह के लिए भी यह मौका परिवार के साथ वक्त बिताने का है।
विज्ञापन

'जय हो', 'हेट स्टोरी 3' और 'रेस 3' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं डेजी शाह ने अमर उजाला से खास बातचीत में गुजराती नववर्ष से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस मौके पर उन्हें अपने कजिन्स से मिलने और पुरानी यादें ताजा करने का मौका मिलता है। त्योहारों के साथ उनकी बचपन की कुछ ऐसी शरारतें भी जुड़ी हैं, जिन्हें याद करके आज भी वह हंस पड़ती हैं।
Trending Videos

डेजी शाह, अभिनेत्री - फोटो : सोशल मीडिया
परिवार है त्यौहारों की खुशी 
डेजी के लिए दिवाली और गुजराती नववर्ष की सबसे बड़ी खुशी परिवार का साथ है। इस मौके पर परिवार के वे सदस्य भी मिलते हैं, जिनसे लंबे समय से मुलाकात नहीं हुई होती। घर की सफाई से लेकर खाने-पीने तक, त्योहार की तैयारियां भी शुरू हो जाती हैं।
वह कहती हैं, 'हम सभी दिवाली और नए साल का इंतजार करते हैं, क्योंकि यही वह समय होता है जब सारे कजिन्स एक साथ मिलते हैं। परिवार के जो लोग काफी समय से नहीं मिल पाए होते, वे भी इस मौके पर साथ आते हैं। घर की सफाई होती है, अच्छा खाना बनता है। आमतौर पर हम डाइट पर रहते हैं, लेकिन दिवाली के समय थोड़ी छूट मिल जाती है।'
अपने परिवार के जश्न के बारे में डेजी कहती हैं, 'हमारे परिवार में त्योहारों को बहुत सादगी और अपनेपन के साथ मनाया जाता है। हम सभी के लिए सबसे जरूरी है कि इस मौके पर पूरा परिवार साथ हो और सब मिलकर अच्छा वक्त बिताएं।'

डेजी शाह - फोटो : इंस्टाग्राम@shahdaisy
डेजी ने बताया संकल्प न लेने की वजह
नया साल आते ही लोग नई शुरुआत और नए संकल्पों की बात करने लगते हैं। डेजी भी कभी हर साल अपने लिए कुछ न कुछ तय करती थीं। लेकिन अब उन्होंने रेजोल्यूशन बनाने से ही दूरी बना ली है। इसकी वजह भी वह मजेदार अंदाज में बताती हैं।
वह कहती हैं, 'मैंने अब रेजोल्यूशन बनाना ही छोड़ दिया है। हर साल सोचती हूं कि इस बार कुछ नया करूंगी, अपनी कुछ आदतें बदलूंगी और कुछ चीजों पर नियमित रूप से काम करूंगी। लेकिन होता यह है कि अगले महीने तक सारे रेजोल्यूशन पीछे छूट जाते हैं। इसलिए अब मेरा एक ही रेजोल्यूशन है कि कोई रेजोल्यूशन नहीं बनाना है।'

डेजी शाह - फोटो : इंस्टाग्राम
डेजी ने याद की बचपन की दिवाली 
डेजी की बचपन की दिवाली आज की तरह मोबाइल और सोशल मीडिया के बीच नहीं बीतती थी। उस समय बच्चों के लिए त्योहार का मतलब दोस्तों और कजिन्स के साथ खेलना, पटाखे चलाना और खूब शरारतें करना था। उनकी मस्ती इतनी बढ़ जाती थी कि घर के बड़े उन्हें दोपहर में ही बाहर भेज देते थे।
डेजी हंसते हुए बताती हैं, 'हमारी दिवाली की छुट्टियां बहुत मजेदार होती थीं। घर में जितने भी बच्चे होते थे, हमें दोपहर में बाहर भेज दिया जाता था। वजह यह थी कि घर के बड़ों को सोना होता था और हम बच्चे इतना शोर मचाते थे कि उन्हें आराम ही नहीं करने देते थे। हम बाहर जाकर अपनी मस्ती शुरू कर देते थे। बंदूक में डालकर चलाने वाली पटाखे की गोलियां और सांप वाली गोलियां हमारी पसंदीदा थीं। सांप वाली गोलियां जलाने पर काले रंग की लंबी आकृति निकलती थी। हम ये सब खूब करते थे। अगले दिन घरवालों से डांट भी पड़ती थी, क्योंकि सोसायटी की सीढ़ियां तक काली कर देते थे।'

डेजी शाह - फोटो : इंस्टाग्राम@shahdaisy
कजिन्स के साथ खेलती थीं डेजी
बचपन की दिवाली सिर्फ पटाखों तक सीमित नहीं थी। डेजी और उनके कजिन्स के पास खेलने के अपने कई तरीके थे। कभी तितलियों के पीछे भागना तो कभी बिल्डिंग में लगे पेड़ों पर चढ़ जाना। उस वक्त चोट लगने का डर भी उनकी मस्ती को रोक नहीं पाता था।
वह कहती हैं, 'हमारे बचपन में मोबाइल और सोशल मीडिया जैसी चीजें नहीं थीं। हम नीचे जाकर तितलियां पकड़ते थे, फूल तोड़ते थे और पेड़ों पर चढ़ते थे। हमारी बिल्डिंग में बादाम और जामुन के पेड़ हुआ करते थे। हम उन पर चढ़ जाते थे और कई बार गिर भी जाते थे। चोटें भी लगीं, पैर भी टूटे, लेकिन उस समय इन बातों की परवाह कहां थी। आज जब सारे कजिन्स मिलते हैं तो इन्हीं किस्सों को याद करके हंसते हैं। उस समय की बेफिक्री और मासूमियत बहुत याद आती है।'
आज के दौर में बचपन की उस बेफिक्री को याद करते हुए डेजी सोशल मीडिया के असर की बात भी करती हैं। वह कहती हैं, 'आज हम कई बार कोई चीज अपने लिए कम और सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए ज्यादा करते हैं। पहले किसी पल को जीने में ज्यादा मजा आता था। अब उसे रिकॉर्ड करने और दूसरों को दिखाने का भी ख्याल रहता है। मुझे लगता है कि उस बचपन वाली मासूमियत में थोड़ा बदलाव जरूर आया है। हालांकि, मैं खुद भी सोशल मीडिया इस्तेमाल करती हूं और वक्त के साथ बदलाव को नकारा भी नहीं जा सकता।'
विज्ञापन

डेजी शाह - फोटो : इंस्टाग्राम@shahdaisy
दिवाली पर पापा की यादें हो जाती हैं ताजा
त्योहारों की रौनक के बीच कुछ यादें ऐसी भी होती हैं, जो भावुक कर देती हैं। डेजी के लिए दिवाली पिता के साथ बिताए पलों को याद करने का भी समय है। वह बताती हैं कि त्योहार आते ही उनकी यादें फिर ताजा हो जाती हैं। वह कहती हैं, 'दिवाली के समय मुझे पापा के साथ बिताया हुआ वक्त बहुत याद आता है। अब वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन त्योहार आते ही उनसे जुड़ी यादें फिर ताजा हो जाती हैं।' काजू कतली से हो गई हैं परेशान, मां की करंजी आज भी पसंदीदा त्योहारों में मिठाइयों का अपना अलग आकर्षण होता है, लेकिन डेजी की पसंद थोड़ी अलग है। दिवाली पर घर में आने वाली काजू कतली से वह अब परेशान हो चुकी हैं। वहीं, मां के हाथ की बनी करंजी का स्वाद आज भी उन्हें याद है।
वह हंसते हुए कहती हैं, 'मैं खाने को लेकर बहुत ज्यादा नखरे नहीं करती। जो मिल जाए, खा लेती हूं। लेकिन दिवाली पर घर में इतनी काजू कतली आती है कि अब उससे चिढ़ होने लगी है। सबको कहती हूं कि कुछ भी भेज देना, लेकिन प्लीज काजू कतली मत भेजना।'
अपनी पसंदीदा मिठाई का जिक्र करते हुए वह कहती हैं, 'मेरी मां दिवाली से पहले चार-चार दिन तक चकली और करंजी बनाया करती थीं। करंजी मेरी सबसे पसंदीदा है। गुजरात में इसे घुघरा कहते हैं। मैं आज भी इसका इंतजार करती हूं। किसी के घर से बनकर आ जाए तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। मेरी टीम में एक सदस्य के घर पर करंजी बनती है। मैं उन्हें फोन करके बड़े आराम से कह देती हूं कि मेरे घर पर भी थोड़ी भिजवा दीजिए।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें